जोधपुर एयरबेस पर आयोजित तरंगशक्ति युद्धाभ्यास-2026 में विश्व के 8 देशों के अलग-अलग फाइटर जेट्स शामिल हुए हैं। दौरान आसमान में हैरतअंगेज नजारे देखने को मिल रहे हैं। इस प्रैक्टिस को लेकर फ्रांसीसी एयर डिफेंस एंड एयर ऑपरेशंस कमांड के डिप्टी कमांडर मेजर जनरल जूलियन सबेने ने कहा कि मैं पहली बार भारत आया हूं। यहां आकर मैंने महसूस किया कि आपका देश बहुत विशाल है। भारतीय वायुसेना के पास बड़ी संख्या में अलग-अलग प्रकार के विमान हैं। इससे हमें काफी कुछ सीखने को मिला। यह अभ्यास पेगासे-26 का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा है। कहा-इसकी शुरुआत शानदार रही उन्होंने कहा- हम फ्रांस से करीब 30 हजार किलोमीटर की दूरी तय करके यहां पहुंचे हैं। ऐसा इसलिए भी है क्योंकि हम हिंद-प्रशांत क्षेत्र का हिस्सा हैं और हमारे नागरिक विदेशी क्षेत्रों में भी रहते हैं। हम एक्सरसाइज तरंग शक्ति की शुरुआत के समय यहां पहुंचने में सफल रहे। इसका शुभारंभ शानदार रहा। हमारा बहुत गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस दौरान हमें अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागियों सहित कई अलग-अलग टीमों और अधिकारियों से मिलने का अवसर मिला। मैंने पाया कि भारतीय वायुसेना ने इस पूरे अभ्यास के आयोजन में शानदार काम किया है और सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी तरह तैयार रखी गई थीं। अमेरिका के F-35A और KC-135R भी अभ्यास में शामिल अमेरिकी पैसिफिक एयर फोर्सेज की ओर से 6 F-35A लाइटनिंग-II लड़ाकू विमान और एक KC-135R स्ट्रैटोटैंकर तरंग शक्ति-26 में शामिल हुए हैं। 6 F-35A जापान के मिसावा एयर बेस स्थित 13वीं फाइटर स्क्वाड्रन के हैं, जबकि KC-135R जापान के काडेना एयर बेस स्थित 909वीं एयर रिफ्यूलिंग स्क्वाड्रन से आया है। अभ्यास के दौरान अमेरिकी वायुसेना, भारतीय वायुसेना और अन्य भाग लेने वाले देशों के साथ मिलकर संयुक्त ट्रेनिंग कर रहे हैं। इसका उद्देश्य बहुराष्ट्रीय हवाई अभियानों की कार्यप्रणाली को समझना और साझा अनुभव विकसित करना है। एक अमेरिकी F-35A पायलट ने कहा कि दुनिया की अलग-अलग वायु सेनाओं के साथ उड़ान भरने से अलग-अलग रणनीतियों, दृष्टिकोण और संचालन के तरीकों को समझने का अवसर मिलता है। इससे पायलट एक-दूसरे से सीखते हैं और अंतरराष्ट्रीय साझेदारों के साथ संयुक्त अभियानों के लिए बेहतर तरीके से तैयार होते हैं। ————————— ये खबर भी पढ़ें… जोधपुर- एक साथ उड़ेंगे दुनिया के सबसे खतरनाक 80-फाइटर जेट:राफेल को सुखोई ने किया लीड, 40 हजार फीट पर फ्यूल भरने की प्रैक्टिस; देखें- PHOTOS जोधपुर में 8 देशों की तरंग शक्ति एक्सरसाइज में दुनिया के सबसे खतरनाक 60 से 80 फाइटर जेट्स एक साथ उड़ान भरेंगे। भारत में मौजूद फ्रांस एंबेसी ने इसकी जानकारी दी। मंगलवार को एक्सरसाइज के चौथे दिन सुखोई ने राफेल फाइटर को लीड किया। फ्रांस के एयरबस A-400M और एयरबस A-330 मल्टी रोल टैंकर ट्रांसपोर्ट (MRTT) ने भी एक्सरसाइज में हिस्सा लिया। (पूरी खबर पढ़ें)

