गांधी-शास्त्री जयंती पर जैसलमेर में निकली प्रभात फेरी:अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस पर प्रभात फेरी के बाद गूंजी रामधुन

गांधी-शास्त्री जयंती पर जैसलमेर में निकली प्रभात फेरी:अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस पर प्रभात फेरी के बाद गूंजी रामधुन

जैसलमेर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती शुक्रवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। दिन की शुरुआत महात्मा गांधी जीवन दर्शन संस्थान और सर्वोदय मंडल के संयुक्त तत्वावधान में गोपा चौक से निकली प्रभात फेरी से हुई। सुबह 5:30 बजे शुरू हुई प्रभात फेरी विभिन्न मार्गों से होते हुए हनुमान चौराहा स्थित गांधी दर्शन पहुंची। यहां प्रार्थना सभा में गांधीजी को श्रद्धांजलि दी गई और सत्य, अहिंसा व सद्भावना के संदेश को आगे बढ़ाने का आह्वान किया गया। तिरंगा और बैनर लेकर निकले कार्यकर्ता प्रभात फेरी में कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा और गांधीवादी विचारों से जुड़े बैनर-पोस्टर लेकर शामिल हुए। गोपा चौक से रवाना होकर प्रभात फेरी आसनी रोड, गड़सीसर गेट से मुड़कर सुथार पाड़ा, कल्लू का हट्टा और प्रसिद्ध पटवा हवेली होते हुए गांधी दर्शन पहुंची। इस दौरान पूरे रास्ते ‘वैष्णव जन तो तेने कहिए’ और ‘रघुपति राघव राजाराम’ जैसे भजनों की गूंज सुनाई दी। कार्यकर्ताओं ने लोगों को शांति और सद्भावना का संदेश दिया। गांधी दर्शन पर सुबह 6:30 बजे हुई प्रार्थना सभा प्रभात फेरी के गांधी दर्शन पहुंचने के बाद सुबह 6:30 बजे विशेष प्रार्थना सभा हुई। कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद उपस्थित अतिथियों और नागरिकों ने दो मिनट का मौन रखा और गांधीजी व शास्त्री जी के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। प्रार्थना सभा में खादी ग्रामोद्योग के उपाध्यक्ष मदन लाल भूतड़ा, मंत्री राजूराम प्रजापत और महात्मा गांधी जीवन दर्शन संस्थान के सहसंयोजक रूपचंद सोनी ने अहिंसा और सद्भावना का संदेश दिया। जिला स्तरीय कार्यक्रम में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने दी श्रद्धांजलि गांधी दर्शन पर ही जिला स्तरीय आधिकारिक गांधी जयंती कार्यक्रम आयोजित किया गया। जैसलमेर विधायक छोटूसिंह भाटी और एडीएम परसाराम सैनी सहित कई जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। गांधीजी के प्रिय भजनों और सामूहिक रामधुन के बीच अधिकारियों और नागरिकों ने उनके आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में मुख्य कार्यकारी अधिकारी यथार्थ शेखर, विशेषाधिकारी रोहित वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेश सांखला, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी नरपत सिंह हरसानी, नगर परिषद आयुक्त पवन कुमार, जिला स्तरीय अधिकारी, समाजसेवी कंवरराज सिंह सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और मानव सेवा के आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन ‘जय जगत’ के उद्घोष के साथ हुआ। वक्ताओं ने बताया गांधी के विचारों का महत्व प्रार्थना सभा के दौरान विचार गोष्ठी भी हुई। इसमें वक्ताओं ने महात्मा गांधी के जीवन और दर्शन पर विचार रखे। खादी ग्रामोद्योग जैसलमेर के उपाध्यक्ष मदन लाल भूतड़ा ने कहा कि आज के दौर में गांधीजी के सत्य, अहिंसा, प्रेम और सद्भावना के सिद्धांत और ज्यादा प्रासंगिक हो गए हैं। खादी ग्रामोद्योग के मंत्री राजूराम प्रजापत ने कहा कि अहिंसा के रास्ते पर चलकर ही विश्व में स्थायी शांति स्थापित की जा सकती है। महात्मा गांधी जीवन दर्शन संस्थान के सहसंयोजक रूपचंद सोनी ने 2 अक्टूबर को मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस के वैचारिक महत्व पर बात रखते हुए कहा कि वैश्विक स्तर पर संघर्षों के समाधान के लिए गांधीजी के विचार महत्वपूर्ण हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *