बुलंदशहर के अहमदगढ़ थाना क्षेत्र में स्कूल जा रही छात्राओं से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। शनिवार दोपहर 2 बजे खेलिया और सोरखा गांव के बीच रास्ते में हुई इस घटना के बाद ग्रामीणों ने अहमदगढ़ थाने पर हंगामा किया। ग्रामीणों ने दो आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी मनचले पहले भी इन छात्राओं के साथ ऐसी ही हरकत कर चुके थे। बार-बार हो रही इस तरह की घटनाओं से छात्राओं के परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों में भारी रोष था। घटना के तुरंत बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण एकजुट होकर अहमदगढ़ थाने पहुंचे और न्याय की मांग की। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए छेड़छाड़ करने वाले दो मनचलों को मौके पर ही पकड़ लिया और उन्हें अहमदगढ़ थाना पुलिस को सौंप दिया। तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी मनचलों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़ित नाबालिग छात्राओं को चिकित्सीय परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। यह मामला दो अलग-अलग समुदायों से जुड़ा होने के कारण क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। एहतियातन प्रशासन ने गांव और आसपास के इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है, ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे और किसी भी अप्रिय स्थिति को रोका जा सके। एसपी देहात अंतरिक्ष जैन ने बताया कि पुलिस फिलहाल आरोपियों से पूछताछ कर रही है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इलाके में स्थिति शांतिपूर्ण बनी हुई है।

