जालौन के उरई में बुढ़वा मंगल पर्व के अवसर पर जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मंगलवार को जिलाधिकारी समीर और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। दोनों अधिकारियों ने क्षेत्राधिकारी नगर एवं कोतवाली उरई पुलिस बल के साथ कोतवाली क्षेत्र के प्रमुख स्थानों का भ्रमण किया। डीएम और एसपी ने ठंडेश्वरी देवी मंदिर पहुंचकर वहां श्रद्धालुओं की भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। इसके साथ ही अन्य भीड़भाड़ वाले महत्वपूर्ण स्थानों पर भी भ्रमण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगम आवागमन और सुरक्षित तरीके से दर्शन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से सुरक्षा इंतजामों के संबंध में जानकारी ली। साथ ही पर्व के दौरान भीड़ को नियंत्रित रखने, यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और मंदिरों एवं प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी बनी रहे। पुलिस बल को लगातार भ्रमणशील रहकर स्थिति पर नजर रखने के निर्देश भी दिए गए।

