करनाल के कर्ण विहार इलाके में मंगलवार को मजार तोड़े जाने के बाद दो पक्षों में विवाद हो गया। बजरंग दल व विश्व हिंदू परिषद के लोगों ने यहां कथित तौर पर देर रात तक होने वाली गतिविधियों और अनजान लोगों की आवाजाही का विरोध किया। इसी के चलते आज बजरंगदल दल सहित अन्य संगठनों के लोगों ने मौके पर पहुंचकर हनुमान चालिसा पढ़ते हुए मजार के ढांचे को तोड़ दिया। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को संभाला। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच हाथापाई भी हुई। सूचना मिलने पर सेक्टर-32-33 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला। पुलिस ने मौके पर तनाव बढ़ने से रोकने के लिए दोनों पक्षों को शांत कराया।
लोगों ने लगाए तांत्रिक क्रियाओं के आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप है कि मजार के अंदर तांत्रिक क्रियाएं की जाती थीं। उनका कहना है कि रात के समय यहां से चिल्लाने और किलकारियां मारने जैसी आवाजें आती थीं, जिससे कॉलोनी के लोगों, खासकर महिलाओं और बच्चों में डर का माहौल बना हुआ था। लोगों के अनुसार, यहां एसी और सीसीटीवी कैमरे भी लगे हुए थे। उनका सवाल है कि अंदर किस तरह की गतिविधियां होती थीं।
राजीव कौशिक, शिव कुमार व अन्य लोगों ने बताया कि इस मामले को लेकर कॉलोनी के लोगों ने पहले संबंधित व्यक्ति को समझाने का प्रयास किया था। उनका कहना है कि करीब चार साल से एक व्यक्ति यहां दुकानदारी चला रहा था और उसके कारण माहौल खराब होने की शिकायत पुलिस को कई बार दी गई थी। लोगों के अनुसार, अब कार्रवाई के बाद उसकी दुकानदारी प्रभावित हो रही है, जिसके चलते वह गाली-गलौज कर रहा है। दो ईंटों से शुरू हुआ निर्माण, बाद में लगाई टाइलें और ग्रिल
मोहल्लेवासियों राजीव, सुनील कुमार व सोनू ने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले खाली जगह पर सिर्फ दो ईंटें रखी गई थीं। इसके बाद धीरे-धीरे वहां टाइलें और स्टील की ग्रिल लगाई गई और ढांचे का विस्तार होता गया। इसके बाद यहां पर बिजली का कनेक्शन लिया गया और बाद में यहां पर एसी भी लगावाया गया। इतना हीं नहीं लाखों रुपए खर्च करके यहां पर चमचमाती टाइलें भी लगाई है। उनका आरोप है कि धार्मिक आस्था की आड़ में लोगों को कथित तंत्र-मंत्र और अंधविश्वास से जुड़ी गतिविधियों में शामिल किया जा रहा था। हनुमान चालीसा पढ़ते हुए लोगों ने किया विरोध
मंगलवार को बड़ी संख्या में बजरंग दल सहित अन्य हिंदू संगठन के लोगों ने मौके पर इसका पहले जमकर विरोध किया। इसके बाद उन्होंने हनुमान चालीसा का पाठ करते हुए मजार के ढांचे को तोड़ दिया। विवाद की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया। संचालक के मकान पर लगा मिला ताला
संगठनों के विरोध करने और पुलिस के आने की सूचना के बाद मजार के संचालक के मकान पर ताला लगा मिला। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि मामला किसी धर्म के खिलाफ नहीं है, बल्कि रिहायशी इलाके में कथित अंधविश्वास और संदिग्ध गतिविधियों की जांच होनी चाहिए।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति
सेक्टर-32-33 थाना के एसआई विनोद कुमार ने बताया कि कर्ण विहार में मजार तोड़े जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची, ताकि कोई तनावपूर्ण स्थिति न बने। उन्होंने बताया कि मौके पर स्थिति बिगड़ी थी, लेकिन पुलिस ने पहुंचकर उसे संभाल लिया।

