अमृतसर में 50 लाख की ठगी का केस:पूर्व चेयरमैन दिनेश बस्सी के बेटे वंश समेत दो पर एफआईआर

अमृतसर में 50 लाख की ठगी का केस:पूर्व चेयरमैन दिनेश बस्सी के बेटे वंश समेत दो पर एफआईआर

अमृतसर में कांग्रेस सरकार के दौरान इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन रहे दिनेश बस्सी के बेटे वंश बस्सी और उसके साथी अमित बजाज के खिलाफ थाना सिविल लाइन पुलिस ने धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज किया है। दोनों पर जिला कचहरी के सामने कैनाल कॉलोनी निवासी कंवरदीप सिंह से 50 लाख रुपये की ठगी करने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, मामले में आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है। शिकायत के आधार पर दोनों के खिलाफ केस दर्ज थाना प्रभारी मोहित कुमार ने बताया कि शिकायतकर्ता कंवरदीप सिंह की शिकायत के आधार पर दोनों आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोपित अमित बजाज होली सिटी का रहने वाला है, जबकि वंश बस्सी पुराने शहर में घी मंडी के भीतर शहीद भगत सिंह रोड का निवासी है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, 26 जून 2023 को एक जमीन का एग्रीमेंट टू सेल किया गया था। इस संपत्ति के लिए उसने आरोपितों को 50 लाख रुपये का भुगतान किया था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसके बाद उक्त इकरारनामे को कभी रद्द नहीं किया गया और आपसी सहमति से इसे कई बार मौखिक रूप से आगे बढ़ाया जाता रहा। 50 लाख वापस न करने का शिकायतकर्ता का आरोप शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि इसके बावजूद अमित बजाज ने उसकी अनुमति के बिना 10 अक्टूबर 2025 को यह दस्तावेज वंश बस्सी के पक्ष में कर दिया। आरोप है कि दोनों ने इकरारनामा अपने नाम कर लिया, लेकिन शिकायतकर्ता द्वारा पहले दी गई 50 लाख रुपये की राशि वापस नहीं की। नवंबर 2025 में मिली इकरारनामा बदलने की जानकारी शिकायतकर्ता के अनुसार, नवंबर 2025 में उसे इस बारे में पता चला कि दोनों आरोपितों ने कथित तौर पर मिलीभगत करके उक्त इकरारनामा किसी तीसरी पार्टी के नाम पर कर दिया है। इसके बाद उसने मामले की शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों आरोपितों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी के अनुसार, आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की ओर से अलग-अलग स्थानों पर छापामारी की जा रही है। पुलिस जांच के दौरान जमीन के इकरारनामे, भुगतान और संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच करेगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *