सतना जिले के सिंहपुर थाना क्षेत्र के कोटा गांव में नदी में डूबे 9 साल के बालक का शव 44 घंटे बाद मंगलवार सुबह मिला। बालक अपने एक साथी के साथ नदी में नहाने गया था, तभी वह गहरे पानी में डूब गया था। पुलिस के अनुसार, लवकुश पिता संत चौधरी (9) पन्ना जिले के पवई का रहने वाला था। वह कुछ दिनों से अपनी नानी के घर कोटा आया हुआ था। रविवार दोपहर करीब 12 बजे वह गांव के एक साथी के साथ कोटा नदी में नहाने गया था। नहाते समय वह नदी के गहरे हिस्से में चला गया और लापता हो गया। बालक के नदी में डूबने की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने तलाश शुरू की। पहले दिन शाम करीब 7 बजे तक नदी में रेस्क्यू अभियान चलाया गया, लेकिन लवकुश का पता नहीं चल सका। अंधेरा होने के कारण अभियान रोकना पड़ा। तीसरे दिन मिल पाया शव
सोमवार सुबह फिर से तलाश शुरू की गई। टीम ने नदी में करीब 2 किलोमीटर के इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली। मंगलवार सुबह ग्रामीणों को घटनास्थल से करीब ढाई किलोमीटर दूर गहिरा खेत के पास नदी किनारे झाड़ियों में बालक का शव फंसा दिखा। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

