प्रयागराज के फूलपुर क्षेत्र में रविवार को एक घोड़े की लात लगने से 70 वर्षीय बुजुर्ग संतोष पांडेय की मौत हो गई। यह घटना बस अड्डे से आगे तकिया के पास नहर शेखपुर पूर्वी क्षेत्र में हुई। मृतक संतोष पांडेय (70) स्वर्गीय शारदा प्रसाद के पुत्र थे और फरीदाबाद के निवासी थे। पीठ से मक्खी हटाने का प्रयास में हादसा जानकारी के अनुसार, संतोष पांडेय रविवार सुबह अपनी दैनिक दिनचर्या के तहत घोड़े के साथ टहलने निकले थे। टहलने के दौरान घोड़े की पीठ पर बार-बार मक्खी बैठ रही थी, जिससे घोड़ा बेचैन हो रहा था। संतोष पांडेय ने घोड़े की पीठ से मक्खी हटाने का प्रयास किया। इसी दौरान घोड़े ने अचानक पैर से जोरदार लात मार दी। यह लात संतोष पांडेय के प्राइवेट पार्ट पर लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित हादसा होते ही आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें संभाला और परिजनों को सूचना दी। परिजन उन्हें उपचार के लिए ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही संतोष पांडेय की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। संतोष पांडेय के दो पुत्र हरि प्रसाद और शिव प्रसाद हैं। पिता की मौत से परिवार में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने बताया कि संतोष पांडेय प्रतिदिन घोड़े के साथ टहलने जाते थे। इस अप्रत्याशित घटना से क्षेत्र में भी दुख व्याप्त है।

