भाकियू अखंड की मांग पर पुलिया निर्माण शुरू:वार्ड-15 में कार्य प्रारंभ, शेष 16 मांगों पर कार्रवाई की मांग

भाकियू अखंड की मांग पर पुलिया निर्माण शुरू:वार्ड-15 में कार्य प्रारंभ, शेष 16 मांगों पर कार्रवाई की मांग

बागपत में भारतीय किसान यूनियन अखंड (भाकियू अखंड) की मांग पर वार्ड नंबर-15 में पुलिया निर्माण कार्य शुरू हो गया है। नगर पालिका बागपत द्वारा इरफान अख्तर एडवोकेट के क्षेत्र में यह कार्य प्रारंभ कराया गया है। भाकियू अखंड के जिला संगठन मंत्री दिलशाद खान ने नगर पालिका बागपत के अध्यक्ष रजुद्दीन चेयरमैन का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि जनता की समस्या को समझते हुए पुलिया निर्माण शुरू करना एक सकारात्मक पहल है। खान ने स्पष्ट किया कि संगठन का उद्देश्य किसी व्यक्ति या अधिकारी के खिलाफ नहीं, बल्कि आम जनता की समस्याओं का समाधान करना है। संगठन ने बताया कि वार्ड-15 में पुलिया का निर्माण शुरू होना पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और वार्डवासियों के प्रयासों का परिणाम है। अब भाकियू अखंड ने नगर पालिका से अपनी शेष 16 प्रमुख जनहित की मांगों पर भी तत्काल कार्रवाई की मांग की है। इन मांगों में विभिन्न वार्डों में सड़क, नाली और पुलिया का निर्माण, सफाई व्यवस्था में सुधार, जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान, कूड़ा प्वाइंट हटाना, वाटर कूलर लगाना और अधूरे विकास कार्यों को पूरा कराना शामिल है। भाकियू अखंड ने चेतावनी दी है कि यदि 8 सितंबर 2026 से पहले इन मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो नगर पालिका बागपत का दोबारा घेराव किया जाएगा। संगठन के जिला अध्यक्ष चौधरी धीरेंद्र कसाना के नेतृत्व में पदाधिकारी और कार्यकर्ता इस प्रदर्शन में शामिल होंगे। जिला संगठन मंत्री दिलशाद खान ने दोहराया कि संगठन का मुख्य उद्देश्य जनता की आवाज को उठाना और उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना है। इस अवसर पर नगर अध्यक्ष तस्लीम चौधरी, वाजिद खान, कलीम खान, जीशान खान सहित अन्य पदाधिकारी और वार्डवासी मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *