मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत रविवार को बैतूल से 196 तीर्थयात्री मथुरा के लिए रवाना हुए। छिंदवाड़ा से चली स्पेशल ट्रेन दोपहर में बैतूल स्टेशन पहुंची। यहां यात्रियों का स्वागत करने के बाद ट्रेन को मथुरा के लिए रवाना किया गया। बैतूल जिले के 10 ब्लॉक और नगरीय निकायों से चयनित यात्री इस यात्रा में शामिल हुए हैं। ट्रेन के बैतूल स्टेशन पहुंचने पर यात्रियों में उत्साह नजर आया। जिला पंचायत की अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी (ACEO) इंदिरा महतो ने तीर्थयात्रियों का स्वागत किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने यात्रा की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। यात्रा के प्रभारी श्रम पदाधिकारी धम्मदीप भगत ने बताया कि ट्रेन क्रमांक 08813 छिंदवाड़ा से दोपहर 12:10 बजे रवाना हुई थी। ट्रेन दोपहर 2:45 बजे आमला पहुंची और 2:55 बजे रवाना हुई। इसके बाद दोपहर 3:15 बजे बैतूल स्टेशन पहुंची। पांच मिनट के ठहराव के बाद 3:20 बजे मथुरा के लिए रवाना हो गई। 31 अगस्त सुबह मथुरा पहुंचेगी ट्रेन 15 बोगियों वाली यह स्पेशल ट्रेन 31 अगस्त की सुबह करीब 8 बजे मथुरा जंक्शन पहुंचेगी। तीर्थयात्री मथुरा में विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन करेंगे। वापसी में ट्रेन क्रमांक 08814 मथुरा से 1 सितंबर की शाम 7:55 बजे रवाना होगी। यह 2 सितंबर की सुबह 9:25 बजे बैतूल पहुंचेगी। इसके बाद 9:30 बजे छिंदवाड़ा के लिए रवाना होगी। ट्रेन सुबह 10 बजे आमला पहुंचेगी और 10:05 बजे वहां से रवाना होकर दोपहर 1:10 बजे छिंदवाड़ा पहुंचेगी। इस दौरान रेलवे और प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहे। इससे पहले जुलाई में बैतूल से हरिद्वार के लिए भी तीर्थ दर्शन ट्रेन रवाना हुई थी।

