बीएचयू में ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम आयोजित:स्टैंड-अप इंडिया के लाभार्थियों ने साझा की सफलता की कहानी

बीएचयू में ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम आयोजित:स्टैंड-अप इंडिया के लाभार्थियों ने साझा की सफलता की कहानी

वाराणसी। सेवा दिवस के अवसर पर 17 सितंबर 2026 से शुरू हुए ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत बुधवार शाम काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (BHU) परिसर में “आशीर्वाद का दिया” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। यह कार्यक्रम स्टैंड-अप इंडिया योजना के लाभार्थियों को समर्पित था। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के स्वतंत्रता भवन सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में 500 से अधिक सफल उद्यमियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। बैंक ऑफ़ बड़ौदा के कार्यपालक निदेशक ललित त्यागी ने सभी अतिथियों और लाभार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि बीएचयू जैसी ज्ञान की नगरी में ऐसे प्रेरक कार्यक्रम का आयोजन गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि बैंक स्टैंड-अप इंडिया के तहत उद्यमियों को न सिर्फ लोन, बल्कि उनके सपनों को पूरा करने का हौसला दे रहा है। इसके बाद लाभार्थियों ने मंच से अपनी सफलता की कहानी साझा की। उन्होंने बताया कि कैसे स्टैंड-अप इंडिया के तहत मिले लोन से उन्होंने अपने व्यवसाय को गति प्रदान की। हर कहानी में संघर्ष से सफलता तक का सफर और सरकार व बैंक के प्रति कृतज्ञता का भाव था। मुख्य अतिथि पंकज चौधरी ने अपने सम्बोधन में कहा कि “काशी नगरी से सेवा का यह संदेश पूरे देश में जाएगा। स्टैंड-अप इंडिया ने लोगों को सिर्फ लोन नहीं, बल्कि मालिक बनने का हौसला दिया है। आपके जलाए हुए आशीर्वाद के ये दिये ही विकसित भारत की रोशनी हैं।” इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री भाजपा दिलीप पटेल, काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया और महानगर अध्यक्ष वाराणसी प्रदीप अग्रहरि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों और लाभार्थियों ने एक साथ दीप प्रज्वलित कर सेवा संकल्प दोहराया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *