बिलासपुर में मद्रासी रेस्टोरेंट सील, लाइसेंस निलंबित:एक ही फ्रीजर में रखे थे वेज-नॉनवेज,गंदे वातावरण,सेम ही चॉपिंग बोर्ड पर वेज-नॉनवेज काटने का भी खुलासा

बिलासपुर में मद्रासी रेस्टोरेंट सील, लाइसेंस निलंबित:एक ही फ्रीजर में रखे थे वेज-नॉनवेज,गंदे वातावरण,सेम ही चॉपिंग बोर्ड पर वेज-नॉनवेज काटने का भी खुलासा

बिलासपुर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने पुराना हाईकोर्ट रोड स्थित मद्रासी रेस्टोरेंट पर बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने निरीक्षण के दौरान गंभीर अनियमितताएं मिलने पर रेस्टोरेंट को सील कर दिया और उसका लाइसेंस 7 दिनों के लिए निलंबित कर दिया। जांच में रसोई में गंदगी के साथ खाद्य पदार्थों को अस्वच्छ तरीके से तैयार करना और वेज-नॉनवेज सामग्री को एक ही फ्रीजर में रखना सामने आया। एक ही चॉपिंग बोर्ड पर काट रहे थे वेज-नॉनवेज निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि रेस्टोरेंट में एक ही चॉपिंग बोर्ड पर वेज और नॉनवेज खाद्य सामग्री काटी और तैयार की जा रही थी। फ्रीजर में भी दोनों तरह की सामग्री एक साथ रखी गई थी। अधिकारियों के अनुसार, इससे खाद्य पदार्थों के दूषित होने का खतरा बना हुआ था। ग्लव्स और पेस्ट कंट्रोल की व्यवस्था भी नहीं जांच में रसोई की साफ-सफाई संतोषजनक नहीं मिली। कर्मचारियों द्वारा ग्लव्स का इस्तेमाल नहीं किया जा रहा था। वहीं, रेस्टोरेंट में पेस्ट कंट्रोल की उचित व्यवस्था भी नहीं मिली। फ्रीजर की नियमित सफाई नहीं होने के कारण वहां भी अस्वच्छता पाई गई। खाद्य पदार्थ तैयार करने का पूरा वातावरण खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं था। 7 दिन में सुधार करना होगा खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अभिहित अधिकारी आरआर देवांगन ने बताया कि रेस्टोरेंट का लाइसेंस फिलहाल 7 दिनों के लिए निलंबित किया गया है। संचालक को इस अवधि में खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप सभी आवश्यक सुधार करने होंगे। इसके बाद विभाग द्वारा दोबारा निरीक्षण किया जाएगा। व्यवस्था संतोषजनक मिलने पर ही रेस्टोरेंट दोबारा खोलने की अनुमति देने पर विचार किया जाएगा। सुधार नहीं होने पर निलंबन की अवधि बढ़ाई जा सकती है। अन्य होटल-रेस्टोरेंट की भी होगी जांच यह कार्रवाई खाद्य एवं औषधि प्रशासन रायपुर के नियंत्रक दीपक अग्रवाल और कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर की गई। विभाग ने स्पष्ट किया है कि शहर के होटल और रेस्टोरेंट में स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच आगे भी जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले अन्य प्रतिष्ठानों पर भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *