Vishal Aditya Singh and Asim Riaz friendship: बिग बॉस के घर में बनने वाली दोस्ती अक्सर शो खत्म होने के बाद बदल जाती है। कुछ ऐसा ही विशाल आदित्य सिंह और आसिम रियाज के रिश्ते में भी देखने को मिला। बिग बॉस के घर में दोनों के बीच अच्छी बॉन्डिंग थी, लेकिन शो से बाहर आने के बाद उनका रिश्ता पहले जैसा नहीं रहा। अब एक पॉडकास्ट में विशाल ने आसिम के साथ अपने रिश्ते पर खुलकर बात की है।
‘अभी हमारी बातचीत नहीं होती’
पॉडकास्ट में विशाल आदित्य सिंह से जब आसिम के साथ उनकी दोस्ती को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने साफ कहा कि अब दोनों दोस्त नहीं हैं और उनके बीच बातचीत भी नहीं होती।
विशाल ने बताया कि बिग बॉस के घर में उन्हें लगा था कि आसिम उनके दोस्त हैं। घर के अंदर दोनों लगातार साथ रहते थे और उनकी बॉन्डिंग भी अच्छी थी। विशाल को उम्मीद थी कि शो खत्म होने के बाद भी दोनों की दोस्ती बनी रहेगी और वे बाहर भी मिलेंगे। हालांकि, शो से बाहर आने के बाद उन्हें ऐसा महसूस नहीं हुआ। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत कम हुई और समय के साथ दोस्ती वाली फीलिंग भी खत्म हो गई, पहले जैसा कुछ भी नहीं है।
‘दोस्त की लिस्ट में नहीं, दुश्मन की लिस्ट में भी नहीं’
विशाल ने कहा कि बिग बॉस से बाहर आने के बाद उन्हें उम्मीद थी कि जिस तरह की बॉन्डिंग शो में थी, वैसी ही दोस्ती बाहर भी रहेगी। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि करीब एक-दो साल बीतने के बाद उनके अंदर भी वह भावना धीरे-धीरे खत्म हो गई।
आसिम के साथ मौजूदा रिश्ते को लेकर विशाल ने कहा कि अगर वह आज इंस्टाग्राम पर आसिम को मैसेज करेंगे तो शायद वह जवाब दे दें। अगर आसिम की तरफ से मैसेज आता है तो भी वह उसका जवाब देंगे। लेकिन अब दोनों के बीच पहले जैसी दोस्ती नहीं है। विशाल ने अपने रिश्ते को बेहद सीधे अंदाज में समझाते हुए कहा, “वो कोई दुश्मन की लिस्ट में नहीं आया है, लेकिन दोस्त की लिस्ट में नहीं है।”
सोशल मीडिया पर फैंस ने भी किया रिएक्ट
विशाल के बयान के बाद सोशल मीडिया पर भी यूजर्स ने अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दीं। कुछ यूजर्स ने विशाल के सपोर्ट में कमेंट किए, वहीं कुछ ने आसिम को लेकर अपनी राय जाहिर की। एक यूजर ने आसिम के फैंस पर तंज कसते हुए विशाल को ‘सुपरहिट आदमी’ बताया। वहीं, एक अन्य यूजर ने लिखा कि आसिम ने विशाल को भाव नहीं दिया। एक और कमेंट में विशाल को ‘अच्छे दिल वाला बंदा’ बताते हुए आसिम से दूरी बनाए रखने की बात कही गई। हालांकि, ये सभी सोशल मीडिया यूजर्स की व्यक्तिगत प्रतिक्रियाएं हैं। विशाल ने अपने बयान में आसिम के खिलाफ किसी तरह की दुश्मनी की बात नहीं कही है।


Vishal Aditya Singh replies to Asim Riaz 