बलिया में व्यापार मंडल ने लगाया नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर:लखनऊ के डॉक्टरों ने मरीजों की जांच कर सलाह दी, बीपी, शुगर, ईसीजी समेत कई जांचें नि:शुल्क हुईं

बलिया में व्यापार मंडल ने लगाया नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर:लखनऊ के डॉक्टरों ने मरीजों की जांच कर सलाह दी, बीपी, शुगर, ईसीजी समेत कई जांचें नि:शुल्क हुईं

बलिया शहर के अग्रवाल धर्मशाला में रविवार को फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल के तत्वावधान में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। सुबह 11 बजे शुरू हुआ शिविर शाम करीब 4 बजे समाप्त हुआ। इसमें मेदांता हॉस्पिटल, लखनऊ से आई चिकित्सकों की टीम ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। चिकित्सकों द्वारा लिखी गई दवाएं भी मरीजों को नि:शुल्क वितरित की गईं। शिविर में चिकित्सकों के परामर्श पर मरीजों की ब्लड प्रेशर (बीपी), शुगर, ईसीजी, बीएमडी, आरबीएस और पीएफटी समेत कई जांचें मौके पर ही नि:शुल्क की गईं। मेदांता हॉस्पिटल, लखनऊ के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. हिमांशु पांडेय और उनकी टीम ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी सलाह दी।
संगठन के विस्तार पर भी हुई चर्चा कार्यक्रम के दौरान फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल की जिला कार्यकारिणी के विस्तार, संगठन को मजबूत बनाने और व्यापारियों के हितों में प्रभावी ढंग से कार्य करने को लेकर भी चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने संगठन की गतिविधियों को व्यापक बनाने और अधिक से अधिक व्यापारियों को इससे जोड़ने पर जोर दिया। इस नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना रहा। शिविर में पहुंचे मरीजों ने चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच कराई। इस अवसर पर फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल के प्रदेश संगठन महामंत्री जितेंद्र चतुर्वेदी, प्रदेश उपाध्यक्ष रजनीकांत सिंह, जिलाध्यक्ष अरुण गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष एवं युवा जिलाध्यक्ष आकाश पटेल, प्रदेश मंत्री अशोक गुप्ता उर्फ राहुल, जिला उपाध्यक्ष विकास पांडेय लाल सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *