हिसार जिले के बरवाला और आसपास के क्षेत्र के लोगों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। हरियाणा सरकार ने हिसार के उपमंडल अस्पताल बरवाला के वर्तमान परिसर में 50 बिस्तरों वाले नए अस्पताल के निर्माण को मंजूरी दे दी है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से इस परियोजना के लिए 60.58 करोड़ रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने बताया कि इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव की ओर से महानिदेशक, स्वास्थ्य सेवाएं, हरियाणा को आधिकारिक पत्र जारी कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि अस्पताल का निर्माण वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित बजट प्रावधानों के तहत किया जाएगा। क्षेत्र के लोगों को मिलेंगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि बरवाला में 50 बिस्तरों वाले नए अस्पताल का निर्माण क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम है। इससे बरवाला और आसपास के गांवों के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। आधुनिक स्वास्थ्य ढांचे के विकास से मरीजों को उपचार संबंधी सुविधाओं का लाभ मिलेगा और क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की क्षमता बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण के लिए लगातार प्रयास कर रही है। अस्पताल के निर्माण से क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

