बठिंडा में स्थानीय नहर की झाल के पास पूजा करने के दौरान दो महिलाएं अचानक नहर में डूब गईं। मौके पर मौजूद लोगों ने सहारा जन सेवा की लाइफ सेविंग ब्रिगेड हेल्पलाइन टीम की मदद तुरंत बचाव अभियान शुरू किया। टीम के सदस्यों संदीप गिल और अमृतपाल सिंह ने वहां मौजूद लोगों की मदद से दोनों महिलाओं को नहर से सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
रेस्क्यू के बाद सहारा जन सेवा की टीम ने दोनों महिलाओं को सहारा एंबुलेंस के माध्यम से सिविल अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने दोनों का तुरंत उपचार शुरू किया। समय पर बचाव और उपचार मिलने से दोनों महिलाओं की जान बच गई। फिलहाल दोनों की हालत ठीक बताई जा रही है।
महिलाएं नहर के पास कर रही थीं पूजा
महिलाओं की पहचान सरिता पत्नी लक्ष्मण दास और रेखा दोनों निवासी 25गज धोबियाना बठिंडा के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलने के बाद दोनों महिलाओं के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिलाएं नहर के पास पूजा कर रही थीं। इसी दौरान वे पानी में डूब गईं। मौके पर मौजूद सहारा जन सेवा की लाइफ सेविंग ब्रिगेड टीम ने बिना समय गंवाए कार्रवाई की और लोगों की सहायता से दोनों को पानी से बाहर निकाला। सहारा जन सेवा की टीम की तत्परता से दोनों महिलाओं को समय रहते अस्पताल पहुंचाया जा सका। चिकित्सकों द्वारा उपचार किए जाने के बाद उनकी स्थिति में सुधार बताया गया है।

