अंबाला कैंट में फर्जी बैंक कर्मचारी बनकर क्रेडिट कार्ड से ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को Axis Bank का कर्मचारी बताया और क्रेडिट कार्ड पर मिले करीब 4 हजार रुपए के कूपन को रिडीम कराने का झांसा दिया। इसके बाद पीड़ित को Axis Bank जैसी दिखने वाली फर्जी वेबसाइट का लिंक भेजकर कार्ड की जानकारी भरवाई। जानकारी मिलते ही आरोपी ने पहले 72,377.70 रुपए की ट्रांजेक्शन कर ली। रकम वापस आने का भरोसा देकर अगले दिन दोबारा कार्ड नंबर और CVV की जानकारी ली और 40 हजार रुपए के करीब तीन और ट्रांजेक्शन कर दीं। कुल 1,12,337.05 रुपए की ठगी हुई। कूपन रिडीम कराने के नाम पर भेजा फर्जी लिंक इंद्रपुरी निवासी पीयूष प्रूथी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह DJ का काम करता है। 21 सितंबर की शाम करीब 5 बजे उसके मोबाइल पर एक नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को Axis Bank का कर्मचारी बताया और कहा कि उसके क्रेडिट कार्ड पर करीब 4 हजार रुपए का कूपन आया है। इसे रिडीम कराने के लिए आरोपी ने एक लिंक भेजा। लिंक खोलने पर Axis Bank जैसी वेबसाइट दिखाई दी। आरोपी के कहने पर पीड़ित ने वेबसाइट पर मांगी गई जानकारी भर दी। पहली ट्रांजेक्शन के बाद बोला- 48 घंटे में रकम वापस आएगी जानकारी भरने के कुछ देर बाद पीड़ित के क्रेडिट कार्ड से 72,377.70 रुपए की ट्रांजेक्शन हो गई। ट्रांजेक्शन का मैसेज आने पर पीड़ित ने आरोपी से संपर्क किया। आरोपी ने इसे बैंक के सिस्टम की तकनीकी समस्या बताया और कहा कि 48 घंटे में रकम वापस आ जाएगी। आरोपी की बात पर भरोसा करके पीड़ित ने आगे कोई कार्रवाई नहीं की। अगले दिन फिर फोन कर कार्ड नंबर और CVV मांगा अगले दिन आरोपी ने दोबारा फोन किया और रकम वापस कराने के नाम पर कार्ड की डिटेल भरने को कहा। इस दौरान पीड़ित ने कार्ड नंबर और CVV की जानकारी भी साझा कर दी। इसके बाद उसके क्रेडिट कार्ड से 36,159.35 रुपए, 3,500 रुपए और 300 रुपए की अलग-अलग ट्रांजेक्शन हो गईं। नंबर बंद मिला तो ठगी का पता चला ट्रांजेक्शन होने के बाद पीड़ित ने आरोपी से दोबारा संपर्क किया। आरोपी ने फिर 48 घंटे में रकम वापस आने का भरोसा दिया। लेकिन तय समय के बाद भी रकम वापस नहीं आई। पीड़ित ने जब आरोपी के नंबर पर फोन किया तो वह बंद मिला। इसके बाद उसे अपने साथ हुई साइबर ठगी का पता चला। साइबर पोर्टल पर शिकायत के बाद FIR पीड़ित ने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम थाना अंबाला ने 1 अक्टूबर को BNS की धारा 318(4) और 319(2) के तहत केस दर्ज किया है। मामले की जांच SI बलवान सिंह को सौंपी गई है। पुलिस आरोपी के मोबाइल नंबर, फर्जी लिंक और जिन खातों में रकम गई, उनकी जानकारी जुटा रही है।

