लुधियाना में ट्राले ने एक्टिवा सवार युवक को कुचला:5 महीने पहले हुई थी शादी, पत्नी को लेने जा रहा था अस्पताल, रास्ते में हादसा

लुधियाना में ट्राले ने एक्टिवा सवार युवक को कुचला:5 महीने पहले हुई थी शादी, पत्नी को लेने जा रहा था अस्पताल, रास्ते में हादसा

औद्योगिक नगरी लुधियाना के जीवन नगर इलाके में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहाँ एक तेज़ रफ्तार ट्राले ने एक्टिवा सवार युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान कमलेश के रूप में हुई है। महज़ पाँच महीने पहले शादी के बंधन में बँधे कमलेश की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। मृतक के परिचित अखिलेश ने बताया कि कमलेश चाय की दुकान पर काम करके अपने परिवार का गुजर-बसर करता था। शुक्रवार शाम करीब 4 बजे वह अपनी पत्नी जसविंदर को वरदान अस्पताल से लेने के लिए एक्टिवा पर निकला था। जैसे ही वह जीवन नगर के पास पहुँचा, पीछे से आ रहे एक तेज़ रफ्तार ट्राले ने उसकी एक्टिवा को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि कमलेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। 5 महीने पहले हुई थी शादी, टूटा दुखों का पहाड़ हादसे के तुरंत बाद एक राहगीर ने घटना की सूचना कमलेश की पत्नी जसविंदर को फोन पर दी, जिसके बाद बदहवास परिजन मौके पर पहुँचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बताया कि शादी को अभी कुल पाँच महीने ही हुए थे और नए जीवन को लेकर कई सपने बुने गए थे, जो पल भर में चकनाचूर हो गए। मृतक अपने पीछे माता-पिता, पत्नी और एक बड़े भाई को छोड़ गया है। पुलिस कर रही ट्राला चालक की तलाश मामले की जानकारी देते हुए जाँच अधिकारी अमृतपाल ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जाँच शुरू कर दी है। ट्राला चालक की पहचान करने और हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। पुलिस ने कमलेश के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा और आरोपी चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *