सपा ने ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान शुरू:महराजगंज में जिलाध्यक्ष विद्यासागर यादव बोले- हर वोट की रक्षा के लिए बूथ स्तर तक उतरेंगे कार्यकर्ता

सपा ने ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान शुरू:महराजगंज में जिलाध्यक्ष विद्यासागर यादव बोले- हर वोट की रक्षा के लिए बूथ स्तर तक उतरेंगे कार्यकर्ता

महराजगंज। समाजवादी पार्टी ने शुक्रवार को जिला कार्यालय पर प्रेस वार्ता कर ‘वोट बचाओ, देश बचाओ, लोकतंत्र बचाओ’ अभियान की शुरुआत की। जिलाध्यक्ष विद्यासागर यादव ने कहा कि लोकतंत्र में वोट जनता की सबसे बड़ी ताकत है और मतदाता सूची में किसी भी तरह की गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर पूरे प्रदेश में यह अभियान चलाया जा रहा है। जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार चुनाव आयोग के साथ मिलकर समाजवादी विचारधारा से जुड़े पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक और गरीब मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से कटवा रही है। उन्होंने दावा किया कि महराजगंज में 2024 लोकसभा चुनाव और हाल के उपचुनावों के दौरान हजारों नाम बिना नोटिस के काटे गए। सपा की ओर से इस संबंध में चुनाव आयोग को प्रमाण के साथ ज्ञापन देने की बात भी कही गई। उन्होंने SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) को लेकर भी सवाल उठाए। कहा कि बिहार की तरह उत्तर प्रदेश में भी यदि मतदाताओं से दस्तावेज मांगे गए तो गरीब और वंचित लोगों को परेशानी हो सकती है। सपा इसका विरोध करेगी। राज्यसभा चुनाव को लेकर विद्यासागर यादव ने भाजपा पर विधायकों की खरीद-फरोख्त का आरोप लगाया और कहा कि 16 अक्टूबर को होने वाले 10 राज्यसभा सीटों के चुनाव पर पार्टी की नजर रहेगी। सपा ने सभी विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूचियों का बूथवार सत्यापन, कटे नामों को BLO के माध्यम से तत्काल जोड़ने, प्रशासन की निष्पक्ष भूमिका और मतदान केंद्रों पर CCTV व वीडियोग्राफी की मांग की। जिलाध्यक्ष ने बताया कि 15 अक्टूबर तक जिले के प्रत्येक बूथ पर ‘वोट बचाओ चौपाल’ लगाई जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से हर मतदाता के वोट की रक्षा के लिए बूथ स्तर पर सक्रिय रहने का आह्वान किया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *