फरीदाबाद के सेक्टर-12 स्थित डीसी ऑफिस के बाहर सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला बनाकर उसे आग के हवाले किया और केंद्र की भाजपा सरकार व चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन में हिसार सांसद जयप्रकाश, पृथला विधायक रघुवीर तेवतिया और फरीदाबाद कांग्रेस के जिला अध्यक्ष बलजीत कौशिक सहित कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। राहुल गांधी के वोट चोरी के आरोपों का किया जिक्र प्रदर्शन के दौरान हिसार सांसद जयप्रकाश ने कहा कि राहुल गांधी ने कुछ दिन पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस कर हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा की सरकार बनने को लेकर सवाल उठाए थे। राहुल गांधी ने चुनाव में वोट चोरी का आरोप लगाते हुए कई सवाल उठाए थे। उस समय लोगों के मन में यह सवाल था कि राहुल गांधी आखिर ऐसा क्यों कह रहे हैं, लेकिन अब चुनाव आयोग से जुड़े घटनाक्रम सामने आने के बाद कांग्रेस के सवाल और गंभीर हो गए हैं। एसआईआर प्रक्रिया पर भी उठाए सवाल जयप्रकाश ने एसआईआर को लेकर भी चुनाव आयोग पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि तीन चुनाव आयुक्तों में से दो ने एसआईआर की प्रक्रिया को लेकर पत्र लिखकर अपनी चिंताएं जाहिर की हैं। कांग्रेस सांसद ने आरोप लगाया कि बिना किसी शिकायत के देशभर में एसआईआर की प्रक्रिया शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों का चुनाव आयोग को स्पष्ट जवाब देना चाहिए। हरियाणा चुनाव के मतदान आंकड़ों की जांच की मांग सांसद जयप्रकाश ने 2024 के हरियाणा विधानसभा चुनाव के मतदान आंकड़ों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मतदान प्रतिशत में अचानक हुई बढ़ोतरी को लेकर स्पष्ट जवाब मिलना चाहिए। कांग्रेस नेताओं ने फरीदाबाद, पलवल और जीटी रोड क्षेत्र में 2024 के चुनाव के दौरान कथित अनियमितताओं की जांच कराने की मांग की। इस्तीफा और गिरफ्तारी की मांग प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की। साथ ही उनके खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग भी उठाई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े सवालों का जवाब मिलने तक उनका विरोध जारी रहेगा। नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता बेहद जरूरी है और किसी भी तरह की गड़बड़ी की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

