उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी हिस्ट्रीशीटर बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। बिंदकी कोतवाली और चांदपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने धमनाखुर्द मोड़ के पास इस बदमाश को पकड़ा। मुठभेड़ के दौरान बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी। सूचना के अनुसार, शातिर अपराधी धरमवीर उर्फ राज लोधी उर्फ उगलेश (29 वर्ष), जो गौसपुर, कल्याणपुर, फतेहपुर का निवासी है, धमनाखुर्द मोड़ के पास किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। सूचना मिलते ही बिंदकी कोतवाली और चांदपुर थाना पुलिस की टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दी। खुद को घिरा देख बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने मौके से घायल बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान कुख्यात हिस्ट्रीशीटर के रूप में हुई, जिस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में हत्या, लूट, डकैती, अवैध हथियार और अन्य गंभीर धाराओं में कुल 24 मुकदमे दर्ज हैं। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से एक अवैध तमंचा, कारतूस, एक सोने की चेन और एक बाइक बरामद की है। इस मामले में चांदपुर थाना प्रभारी द्वारा आगे की कानूनी कार्यवाही की जा रही है।


