मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर प्रयागराज के विभागों की खराब ग्रेडिंग और विकास व निर्माण कार्यों की धीमी रफ्तार पर डीएम मनीष कुमार वर्मा ने नाराजगी जताई। शुक्रवार को संगम सभागार में हुई समीक्षा बैठक में डीएम ने लापरवाह अफसरों और काम करने वाली एजेंसियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। खराब प्रगति के लिए जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है। बैठक में नहीं आने पर मत्स्य पालन अधिकारी और पराग के महाप्रबंधक को कारण बताओ नोटिस जारी करने का आदेश दिया गया। खराब प्रदर्शन के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) और 102 एम्बुलेंस सेवा के नोडल अधिकारी को भी कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्माण कार्यों में यूपी सिडको (UPSCIDCO) का प्रदर्शन भी असंतोषजनक मिला। इस पर शासन को पत्र लिखकर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। सीएम डैशबोर्ड पर ‘बी’, ‘सी’ और ‘डी’ रैंकिंग वाले विभागों को चेतावनी दी गई है। उन्हें अगले महीने तक अपनी रैंकिंग ‘ए’ श्रेणी में सुधारने को कहा गया है। लापरवाही करने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने सभी काम करने वाली एजेंसियों को निर्देश दिया कि मानसून का मौसम खत्म हो रहा है। इसलिए साइटों पर ज्यादा मजदूर और संसाधन लगाकर निर्माण कार्य तेजी से पूरे किए जाएं। अगर तय समयसीमा के बाद भी कोई प्रोजेक्ट अधूरा मिला, तो सीधे जिम्मेदार अधिकारी पर कार्रवाई होगी। जो काम पूरे हो चुके हैं, उन्हें तुरंत हैंडओवर करने को कहा गया है। इस समीक्षा बैठक में एडीएम प्रशासन उपमा पाण्डेय, सीएमओ डॉ. एके तिवारी, जिला विकास अधिकारी (डीडीओ) जीपी कुशवाहा, परियोजना निदेशक भूपेन्द्र कुमार सिंह, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी संतोष कुमार और डीपीओ दिनेश सिंह समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

