प्रयागराज के कचहरी स्थित पोस्ट ऑफिस में पार्सल करने के लिए लाइन में लगे युवक से आगे निकलने को लेकर दो युवकों का विवाद हो गया। आरोप है कि विरोध करने पर दोनों ने युवक के साथ मारपीट की और एक आरोपी ने कैंपस में पड़ी लोहे की रॉड से उसके सिर पर जानलेवा हमला कर दिया। घायल युवक को बचने के लिए पोस्ट ऑफिस के अंदर भागना पड़ा, लेकिन आरोपियों ने वहां भी उसका पीछा कर लात-घूंसों से पीटा। शोर सुनकर मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। बेटे की सूचना पर पहुंचे पिता मामले में न्यू मेंहदौरी निवासी राजकपूर उपाध्याय की तहरीर पर कर्नलगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। तहरीर के मुताबिक घटना तीन सितंबर को दोपहर में हुई।
उन्होंने पुलिस को बताया कि उनके बेटे प्रियांशु उपाध्याय ने फोन कर जानकारी दी कि वह कचहरी पोस्ट ऑफिस में पार्सल करने आया था। लाइन में खड़े होने के दौरान कुछ लड़कों ने उसके साथ मारपीट की है और उसके सिर में गंभीर चोट लगी है। प्रियांशु ने अपने पिता से मौके पर जल्द पहुंचने को कहा और बताया कि सूचना देने पर 112 पुलिस भी मौके पर आ गई है।
राजकपूर के मुताबिक, मौके पर पहुंचने के बाद बेटे ने बताया कि वह पार्सल भेजने के लिए लाइन में खड़ा था। इसी दौरान पीछे खड़े दो युवकों में से एक ने उसे धक्का देकर पीछे कर दिया और खुद आगे खड़ा हो गया। विरोध करने पर आरोपी गाली-गलौज करने लगा और उसका कॉलर पकड़कर जमीन पर पटक दिया।
जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से पीटा
आरोप है कि इसके बाद दूसरे युवक ने पोस्ट ऑफिस परिसर में पड़ी लोहे की रॉड उठाई और जान से मारने की नीयत से प्रियांशु के सिर पर जोरदार वार कर दिया। इसके बाद दोनों आरोपियों ने उसे जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से पीटा। खुद को अकेला पाकर प्रियांशु बचने के लिए पोस्ट ऑफिस के अंदर भागा, लेकिन आरोपियों ने वहां भी उसका पीछा किया और मारपीट जारी रखी।
प्रियांशु के शोर मचाने पर पोस्ट ऑफिस में मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया। इसी दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
पुलिस ले जा रही थी, तब दी धमकी
तहरीर के अनुसार, पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों को वहां से ले जाते समय उन्होंने शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने कथित तौर पर कहा कि पुलिस उनका कुछ नहीं कर पाएगी।
पुलिस की पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना नाम मुकेश पुत्र सुदामा राम और विशाल शाह पुत्र संजय शाह बताया। घायल प्रियांशु ने पुलिस को बताया कि विशाल ने उसे पकड़कर नीचे दबा दिया था, जबकि मुकेश ने लोहे की रॉड से उसके सिर पर वार किया। दोनों आरोपियों का हुआ चालान
तहरीर के आधार पर कर्नलगंज पुलिस ने मामले में अभियोग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर मिश्रा ने बताया कि घटना के दौरान मौजूद लोगों से भी पूछताछ कर रही है और पोस्ट ऑफिस परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। दो आरोपियों का चालान किया जा रहा है।

