नोएडा में शॉर्ट सर्किट से बिजली के तार जले:दीपावली जैसी पटाखों की आवाजों से दहशत; लाइन बंद कर काबू पाया गया

नोएडा में शॉर्ट सर्किट से बिजली के तार जले:दीपावली जैसी पटाखों की आवाजों से दहशत; लाइन बंद कर काबू पाया गया

सेक्टर-63 के बहलोलपुर क्षेत्र में शनिवार को बिजली के तारों में हुए शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक आग लग गई। आग लगने के साथ ही तारों से तेज चिंगारियां निकलने लगीं और पटाखों जैसी लगातार आवाजें आने लगीं। घटना से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास मौजूद लोग घबरा गए। बिजली के तारों में अचानक तेज चमक दिखाई दी, जिसके बाद चिंगारियां निकलने लगीं। कुछ ही देर में तार दीपावली के पटाखों की तरह फटने और जलने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने इस पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। पावर कट कर पाया काबू घटना की जानकारी तत्काल बिजली विभाग और दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही संबंधित विभागों की टीम सक्रिय हुई और एहतियातन प्रभावित लाइन की बिजली आपूर्ति बंद कराई गई। बिजली कटते ही तारों में हो रही आतिशबाजी जैसी स्थिति पर नियंत्रण पाया गया और बड़ा हादसा टल गया। दुकानों और घर से बाहर आए लोग स्थानीय लोगों का कहना है कि तारों से निकल रही चिंगारियां और तेज आवाजें देखकर कुछ समय के लिए लोगों में दहशत फैल गई थी। आसपास के लोग अपने घरों और दुकानों से बाहर निकल आए। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में किसी व्यक्ति के घायल होने या किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। बिजली विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की वजह से तारों में आग लगने की संभावना सामने आई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *