वैभव सूर्यवंशी भारतीय टीम में चुने गए सबसे युवा क्रिकेटर:तेंदुलकर का तोड़ा रिकॉर्ड, समस्तीपुर में घर पर जश्न, आतिशबाजी के साथ महिलाएं गा रहीं गीत

वैभव सूर्यवंशी भारतीय टीम में चुने गए सबसे युवा क्रिकेटर:तेंदुलकर का तोड़ा रिकॉर्ड, समस्तीपुर में घर पर जश्न, आतिशबाजी के साथ महिलाएं गा रहीं गीत

बिहार के वैभव सूर्यवंशी का सिलेक्शन इंडियन टीम में हो गया है। 15 साल, 71 दिन के वैभव को जून-जुलाई में आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज के साथ-साथ सितंबर में होने वाले एशियन गेम्स के लिए चुना गया है। वैभव भारतीय क्रिकेट टीम में चुने गए अब तक के सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने सचिन तेंदुलकर का भी रिकॉर्ड तोड़ दिया है। वैभव की कामयाबी पर उनके घर समस्तीपुर के ताजपुर में जश्न का माहौल है। महिलाएं गीत गा कर खुशियां मना रही हैं। वहीं, परिवार और आसपास के लोग एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाए और खुशी में आतिशबाजी की। समस्तीपुर से जश्न-आतिशबाजी की कुछ तस्वीरें… पिता बोले- वैभव देश के लिए शानदार प्रदर्शन करे वैभव के पिता संजीव सूर्यवंशी ने कहा, ‘उसने बहुत मेहनत की है। अब उसकी मेहनत रंग ला रही है और उसे देश के लिए खेलने का मौका मिल रहा है, जो उसने अपनी मेहनत से कमाया है। अब मेरी बस यही कामना है कि वह देश के लिए शानदार प्रदर्शन करे और कई जीत हासिल करे। दुनिया में हर माता-पिता अपने बच्चे के लिए कड़ी मेहनत करते हैं। वे चाहते हैं कि उनका बच्चा ऊंचाइयों को छुए और सफल हो। मेरी भी यही इच्छा थी। मेरे बेटे ने बचपन से ही कड़ी मेहनत की है और हमारे सपनों को साकार किया है। मैं सभी (चयनकर्ताओं) का तहे दिल से शुक्रिया अदा करता हूं और मेरे बेटे पर भरोसा जताने और उसे बीसीसीआई टीम में चुनने के लिए उन्हें सम्मान देता हूं।’ कम उम्र में इतनी बड़ी उपलब्धि गर्व की बात है वैभव सूर्यवंशी के चाचा राजीव सूर्यवंशी ने कहा कि इतनी कम उम्र में बड़ी उपलब्धि हासिल करना गर्व की बात है। टी-20 मैच के लिए भारतीय टीम में वैभव का सिलेक्शन हो गया है। वैभव ने आईपीएल में बेहतर प्रदर्शन किया। इससे उसका भारतीय टीम में चयन होना तय था। वैभव के दादा उपेंद्र ने कहा कि मैंने पहले ही भविष्यवाणी कर दी थी, वैभव बहुत आगे जाएगा। आज तक जो भी सिलेक्शन हुआ है वो 16 साल से कम उम्र में नहीं हुआ, पर वैभव का सिलेक्शन 15 साल 71 दिन में हुआ है। वहीं दादी ने कहा, ‘मुझे इतनी अपार खुशी कभी नहीं हुई। यह खुशी सिर्फ मेरी नहीं, बल्कि पूरे देश की है। मेरे पोते का टी 20 टीम में चयन हो गया है और वह सीनियर टीम के लिए खेलेगा। पूरे देश से लोग उसे आशीर्वाद दे रहे हैं। मैंने भी उसे आशीर्वाद दिया।’ वैभव को ईश्वर का आर्शीवाद प्राप्त है ग्रामीण जितेंद्र कुमार ने कहा कि आईपीएल के अंतिम मैच में उसने दिखा दिया कि वो क्या क्लासिकल शॉर्ट मारता है। टीम को कैसे जिताना है। उसने साबित किया है। उसके बेहतर प्रदर्शन के लिए मेरे पास कोई शब्द नहीं है। उसे ईश्वर का आर्शीवाद है। वैभव विश्व में भारत का झंड़ा बुलंद करेगा। सबसे कम उम्र में डेब्यू करने वाले भारतीय भी बन सकते हैं वैभव शेफाली ने 15 साल 239 दिन की उम्र में भारत के लिए पहला मैच खेल लिया था। वहीं, सचिन ने 16 साल 205 दिन की उम्र में भारत के लिए डेब्यू किया था। वैभव को अगर इंग्लैंड-आयरलैंड टूर या एशियन गेम्स में एक भी मैच खेलने का मौका मिल जाता है तो वे शेफाली और सचिन दोनों को पीछे छोड़कर भारत के लिए खेलने वाले सबसे युवा क्रिकेटर बन जाएंगे। वैभव को एशियन गेम्स के लिए चुना गया पुरुष क्रिकेटर्स में सचिन तेंदुलकर 16 साल, 194 दिन की उम्र में भारतीय टीम में चुने गए थे। वहीं, वैभव 15 साल 71 दिन में चुने गए हैं। वैभव को जून-जुलाई में आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज के साथ-साथ सितंबर में होने वाले एशियन गेम्स के लिए चुना गया है। IPL में उनके बेहतर प्रदर्शन के बाद यह फैसला लिया गया है। IPL फाइनल में 15 साल के वैभव ने जीते थे 5 अवार्ड IPL फाइनल में 15 साल के वैभव ने 5 अवार्ड अपने नाम किए हैं। वैभव को सबसे ज्यादा रन बनाने के लिए ऑरेंज कैप के साथ इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन, मोस्ट वैलुएबल प्लेयर, सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन और मोस्ट सिक्सेज का भी खिताब मिला है। इन पुरस्कारों के जरिए उन्होंने कुल 45 लाख रुपये की इनामी राशि हासिल की, जबकि सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन बनने पर उन्हें टाटा सियेरा कार भी पुरस्कार में मिली। ऑरेंज कैप जीतने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने वैभव वैभव को ऑरेंज कैप मिला है। वह ऑरेंज कैप जीतने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने महज 15 साल और 65 दिन की उम्र में यह उपलब्धि अपने नाम की है। 16 मैचों में उन्होंने 776 रन बनाए हैं, जो इस सीजन किसी भी बल्लेबाज के सबसे ज्यादा रन हैं। इस बीच उन्होंने एक शतक और 5 अर्धशतक भी अपने नाम किए हैं। वैभव ने साई सुदर्शन का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। साई सुदर्शन आईपीएल 2025 में ऑरेंज कैप जीतने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने थे। उन्होंने ये उपलब्धि 23 साल 237 दिन की उम्र में हासिल की थी। सूर्यवंशी ने बनाया एक सीजन में 72 छक्कों का रिकॉर्ड वैभव ने सीजन में सबसे ज्यादा 237.30 के स्ट्राइक रेट से भी रन बनाए और ‘सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन’ का अवार्ड अपने नाम किया। आईपीएल के इतिहास में इतने स्ट्राइक रेट से किसी भी खिलाड़ी ने 700 या उससे ज्यादा रन नहीं बनाए। वहीं, सूर्यवंशी ने इस सीजन में रिकॉर्ड 72 छक्के लगाए। वह एक IPL सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी बने। इससे पहले ये रिकार्ड क्रिस गेल के नाम था, जिन्होंने 59 छक्के लगाए थे। इस सीजन में जोरदार प्रदर्शन करने वाले सूर्यवंशी को ‘इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन’ भी चुना गया है। एक सीजन में पावरप्ले में 500+ रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी सूर्यवंशी ने गुजरात के खिलाफ पावरप्ले में 31 रन बनाए। इसके साथ ही वह एक IPL सीजन के पावरप्ले में 500 रन पूरे करने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस सीजन पावरप्ले में 233.63 के स्ट्राइक रेट से 521 रन बनाए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड सनराइजर्स हैदराबाद के डेविड वॉर्नर के नाम था, जिन्होंने 2016 में पावरप्ले में 467 रन बनाए थे। सूर्यवंशी IPL में सबसे कम पारियों में 1000 रन बनाने वाले भारतीय बने सूर्यवंशी ने न्यू चंडीगढ़ में IPL में अपने 1000 रन भी पूरे कर लिए। वे अपनी 23वीं पारी में इस आंकड़े तक पहुंचे। वे IPL में सबसे तेज 1000 रन बनाने वाले भारतीय क्रिकेटर बने। उन्होेंने साई सुदर्शन को पीछे छोड़ा, जिन्होंने इसके लिए 25 पारी खेली थी। ओवरऑल IPL में सबसे कम पारी में हजार रन बनाने वाले खिलाड़ियों में वे शॉन मार्श (21 पारी) और लेंडल सिमंस (23 पारी) के बाद तीसरे नंबर पर हैं। सूर्यवंशी ने IPL में सबसे ज्यादा बार 90s में आउट होने की बराबरी की सूर्यवंशी ने गुजरात के खिलाफ क्वालीफायर-2 में 96 रन पर आउट हुए। वे IPL में सबसे ज्यादा बार ‘नर्वस नाइंटीज’ (90-99 रन) का शिकार होने वाले खिलाड़ियों में शामिल हो गए हैं। वे इसी सीजन पिछली चार पारी में तीसरी बार 90 से 99 रन के बीच आउट हुए। इससे पहले डेविड वॉर्नर, केएल राहुल, ग्लेन मैक्सवेल और ऋतुराज गायकवाड़ IPL में 3-3 बार 90s में आउट हो चुके हैं। सूर्यवंशी IPL के एक सीजन के प्लेऑफ में सबसे ज्यादा सिक्स लगाने वाले बल्लेबाज सूर्यवंशी ने क्वालीफायर-2 के मुकाबले में 7 छक्के लगाए। इसके साथ ही वे IPL के एक सीजन में प्लेऑफ में सबसे ज्यादा सिक्स लगाने वाले खिलाड़ी बन गए। उन्होंने एलिमिनेटर में हैदराबाद के खिलाफ 12 छक्के लगाए थे। उनके प्लेऑफ में 19 छक्के हो गए हैं। इस मामले में उन्होंने ऋद्धिमान साहा (2014) और शुभमन गिल (2023) का 11-11 छक्कों का रिकॉर्ड तोड़ा। IPL प्लेऑफ में दो 50+ स्कोर बनाने वाले राजस्थान के तीसरे बल्लेबाज वैभव ने गुजरात के खिलाफ फिफ्टी लगाई। इसके साथ ही वे IPL प्लेऑफ में दो 50+ स्कोर करने वाले राजस्थान के तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले सूर्यवंशी ने एलिमिनेटर में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 97 रन बनाए थे। उनसे पहले ध्रुव जुरेल (2024, 2026) और जोस बटलर (2022) ने प्लेऑफ में राजस्थान के लिए दो फिफ्टी या उससे ज्यादा का स्कोर बनाया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *