नीमच के जावद थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक खेत मजदूर की रोटावेटर की चपेट में आने से मौत हुई। रोटावेटर स्टार्ट करते समय मजदूर का गमछा मशीन में फंस गया, जिससे सिर कटने से उसकी मौके पर ही मौत हुई। मृतक की पहचान राजस्थान के प्रतापगढ़ निवासी 35 वर्षीय गौतम रावत के रूप में हुई है। गौतम पिछले दो साल से अठाना निवासी सुरेश धाकड़ के खेत पर मजदूर था। वह शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे खेत पर पहुंचा था। घटना के समय खेत पर गौतम अकेला था। कुछ देर बाद खेत मालिक सुरेश धाकड़ वहां पहुंचे तो रोटावेटर चालू था और गौतम जमीन पर पड़ा था। उन्होंने तुरंत मशीन बंद कर जावद पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पंचनामा बनाकर मर्ग दर्ज किया। शव सरकारी अस्पताल भेजा गया। शुक्रवार शाम पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मामले की जांच जारी है।

