पंचायत चुनाव के प्रचार के दौरान जलदाय मंत्री कन्हैयालाल चौधरी और निवाई-पीपलू विधायक रामसहाय वर्मा को ग्रामीणों की नाराजगी का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने गांव की खराब सड़कों और दो साल से टूटे पड़े एनिकट का मुद्दा उठाया। इस दौरान विधायक और ग्रामीणों के बीच बहस हो गई। वहीं, गांव से गुजरते समय मंत्री की गाड़ी नाली में फंस गई। ग्रामीणों ने इसे गांव में विकास कार्यों की स्थिति से जोड़कर तंज कसा। ग्रामीणों ने विधायक से पूछा- गांव के एक व्यक्ति का नाम बता दीजिए बीजेपी प्रत्याशियों के प्रचार के लिए शुक्रवार को जलदाय मंत्री कन्हैयालाल चौधरी और निवाई-पीपलू विधायक रामसहाय वर्मा हरिपुरा गांव पहुंचे थे। यहां ग्रामीणों ने गांव की मूलभूत समस्याओं को लेकर दोनों नेताओं के सामने नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने मंत्री के सामने विधायक से सवाल किया कि गांव का एनिकट पिछले दो साल से टूटा हुआ है और सड़कों की हालत खराब है। इस पर विधायक ने एनिकट का बजट मंजूर होने की बात कही। ग्रामीणों ने जवाब दिया कि चुनाव के समय वोट लेने के लिए ऐसे ही बहाने बनाए जाते हैं। ग्रामीणों ने कहा कि नेता चुनाव के समय ही गांव आते हैं। उन्होंने विधायक से पूछा कि हरिपुरा गांव के किसी एक व्यक्ति का नाम बता दीजिए, जिसे वे जानते हों। ग्रामीणों ने कहा कि मंच से एक-एक व्यक्ति का नाम लेकर बुलाया जा रहा है, लेकिन गांव के लोगों की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। मामला टोंक जिले के पीपलू क्षेत्र के हरिपुरा गांव में शुक्रवार का है। बोले- सड़कें इतनी खराब कि बच्चों के रिश्ते होने में परेशानी ग्रामीणों ने कहा कि गांव की सड़कें इतनी खराब हैं कि यहां के लड़के-लड़कियों के रिश्ते होने में भी परेशानी आ रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि गांव में विकास कार्यों की स्थिति देखने के लिए जनप्रतिनिधि आखिर कब आते हैं। इस पर विधायक ने कहा कि मंच पर जिन लोगों को बुलाया जा रहा है, वे भी पार्टी के कार्यकर्ता हैं। ग्रामीणों ने जवाब दिया कि उन्हें कार्यकर्ताओं के नाम नहीं, बल्कि अपने गांव की स्थिति का जवाब चाहिए। उन्होंने फिर पूछा कि क्या विधायक गांव के किसी एक व्यक्ति को जानते हैं? ग्रामीणों ने यह भी कहा कि चुनाव में पूरा गांव बीजेपी को वोट देता है और यहां कांग्रेस का एजेंट तक नहीं बैठता। इसके बावजूद वे जनप्रतिनिधियों का अपमान नहीं करना चाहते। नाली में फंसी मंत्री की गाड़ी, ग्रामीणों ने निकाला हरिपुरा गांव से गुजरते समय मंत्री कन्हैयालाल चौधरी की गाड़ी नाली के बीच फंस गई। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने गाड़ी को बाहर निकाला। इस दौरान ग्रामीणों ने गांव में विकास कार्यों को लेकर तंज कसा और कहा कि गांव की स्थिति गाड़ी के फंसने से ही समझी जा सकती है। पंचायतीराज चुनाव के तीसरे चरण के लिए 3 नवंबर और 5 नवंबर को मतदान होना है। बीजेपी प्रत्याशियों के प्रचार के दौरान हरिपुरा गांव में हुई इस घटना की क्षेत्र में चर्चा हो रही है।

