मैनपुरी में भोगांव के बेबी ड्रिंक किड्स एकेडमी की ओर से एक दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश यादव और अधिवक्ता संजीव तिवारी ने फीता काटकर किया। प्रतियोगिता में विद्यालय के बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लिया और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। आयोजन का उद्देश्य बच्चों में खेल भावना, अनुशासन और आपसी सहयोग की भावना विकसित करना रहा। इस दौरान अतिथियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया और खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। बार एसोसिएशन अध्यक्ष राजेश यादव ने कहा कि खेलकूद बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वहीं, अधिवक्ता संजीव तिवारी ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें खेलों के माध्यम से जीवन में आगे बढ़ने का संदेश दिया। कार्यक्रम में वीरेन्द्र शर्मा, अर्पित शर्मा, शिवम शर्मा, हाशिम अंसारी, पुनीत चौहान, राम अरोरा और तान्या शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

