अंतिम विदाई के लिए घर लाया गया संजय गुप्ता का पार्थिव शरीर, पोस्ममॉर्टम में मौत की वजह का भी खुलासा

अंतिम विदाई के लिए घर लाया गया संजय गुप्ता का पार्थिव शरीर, पोस्ममॉर्टम में मौत की वजह का भी खुलासा

Sanjay Gupta Funeral: फिल्ममेकर संजय गुप्ता के अचानक निधन से पूरी फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। ‘कांटे’, ‘शूटआउट एट लोखंडवाला’, ‘शूटआउट एट वडाला’, ‘जिंदा’ और ‘काबिल’ जैसी फिल्मों के निर्देशन के लिए पहचाने जाने वाले संजय गुप्ता का निधन 30 अक्टूबर को मुंबई में हुआ। पोस्टमार्टम के बाद शनिवार को उनका पार्थिव शरीर मुंबई के वर्सोवा स्थित उनके घर पहुंचा, जहां परिवार, दोस्तों और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों का पहुंचना शुरू हो गया।

संजय गुप्ता के अंतिम संस्कार की तैयारियां भी की जा रही हैं। उनके निधन की खबर सामने आने के बाद से ही बॉलीवुड के कई सितारे उनके घर पहुंचकर परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं और दिवंगत फिल्ममेकर को अंतिम विदाई दे रहे हैं।

आखिरी दर्शन के लिए पहुंचे कई सितारे

संजय गुप्ता के वर्सोवा स्थित घर पर कई फिल्मी हस्तियां नजर आईं। अभिनेता फरदीन खान, रोहित रॉय, रोनित रॉय और गुलशन ग्रोवर के अलावा फिल्ममेकर राकेश रोशन, निर्देशक मिलाप जावेरी, अभिनेता सुधांशु पांडे और फिल्ममेकर अशोक पंडित भी उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे।]

संजय गुप्ता के करीबी रहे कई कलाकार उनके निधन से बेहद भावुक नजर आए। खास तौर पर रोहित रॉय और रोनित रॉय अपने आंसू नहीं रोक पाए। रोनित रॉय कई बार भावुक होकर रोते दिखाई दिए, जबकि रोहित रॉय भी अपने आंसू पोंछते नजर आए।

निर्देशक मिलाप जावेरी का भी संजय गुप्ता से करीबी रिश्ता रहा है। संजय की फिल्मों से अपने करियर के शुरुआती दौर में जुड़े मिलाप उनके घर पहुंचे तो वह भी भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े।

काजोल ने भी जताया दुख

संजय गुप्ता के निधन के बाद कई कलाकारों ने सोशल मीडिया के जरिए उन्हें याद किया। अभिनेत्री काजोल ने भी इंस्टाग्राम पर संजय के निधन पर दुख जताया। काजोल ने संजय गुप्ता के निर्देशन में बनी फिल्म ‘हामेशा’ में काम किया था। उन्होंने इस खबर को बेहद दुखद बताते हुए परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और उन्हें इस मुश्किल समय में हिम्मत मिलने की कामना की।

संजय दत्त ने किया ‘कांटे 2’ का वादा

संजय गुप्ता के निधन से उनके करीबी दोस्त और अभिनेता संजय दत्त भी बेहद दुखी हैं। दोनों ने ‘कांटे’ समेत कई फिल्मों में साथ काम किया था। संजय दत्त ने सोशल मीडिया पर संजय गुप्ता के साथ अपनी पुरानी तस्वीरें शेयर कीं।

उन्होंने अपने दोस्त को भाई बताते हुए लिखा कि उन्हें अब भी यकीन नहीं हो रहा कि संजय गुप्ता उनके बीच नहीं हैं। संजय दत्त ने यह भी कहा कि वह फिल्ममेकर के उस सपने को पूरा करेंगे, जिसे वह लंबे समय से देख रहे थे। उन्होंने ‘कांटे 2’ बनाने का वादा किया और कहा कि वह इसे संजय गुप्ता की याद में पूरा करेंगे।

रवीना टंडन और अनुपम खेर ने भी किया याद

अभिनेत्री रवीना टंडन ने भी संजय गुप्ता के निधन पर हैरानी और दुख जताया। रवीना ने संजय के साथ ‘आतिश’, ‘जंग’ और ‘खौफ’ जैसी फिल्मों में काम किया था। उन्होंने सोशल मीडिया पर उन्हें याद करते हुए उनके अचानक चले जाने पर गहरा दुख व्यक्त किया।

वहीं, दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर ने भी संजय गुप्ता को याद किया। उन्होंने फिल्ममेकर को सिनेमा से बेहद प्यार करने वाला इंसान बताया। अनुपम खेर के मुताबिक, संजय फिल्मों के बारे में काफी गहरी जानकारी रखते थे और उन्हें फिल्मों का ‘इनसाइक्लोपीडिया’ कहा जा सकता था। खेर ने यह भी याद किया कि संजय अक्सर उनके साथ दोबारा काम करने की इच्छा जाहिर करते थे।

घर पर गिरने के बाद हुई मौत

पुलिस के मुताबिक, संजय गुप्ता की मौत घर पर गिरने के बाद सिर में लगी गंभीर चोट के कारण हुई। बताया गया कि शुक्रवार देर रात वह अपने वर्सोवा स्थित घर में कथित तौर पर गिर गए थे। उस समय परिवार के सदस्य सो रहे थे।

सुबह परिवार वालों को संजय घर में घायल अवस्था में मिले। उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी और शुरुआती जानकारी में इसे दुर्घटनावश गिरने का मामला माना गया। पोस्टमार्टम के बाद उनका पार्थिव शरीर परिवार को सौंप दिया गया।

पीछे छोड़ गए फिल्मों की बड़ी विरासत

संजय गुप्ता ने 1994 में ‘आतिश: फील द फायर’ से निर्देशन की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने अपराध और एक्शन आधारित फिल्मों की अपनी अलग शैली विकसित की। ‘कांटे’, ‘शूटआउट एट लोखंडवाला’, ‘शूटआउट एट वडाला’ और ‘काबिल’ उनकी प्रमुख फिल्मों में शामिल हैं।

उनके निधन के बाद फिल्म इंडस्ट्री के कई कलाकार उन्हें याद कर रहे हैं। अब उनके वर्सोवा स्थित घर पर पहुंच रहा हर शख्स उन्हें आखिरी विदाई दे रहा है। संजय गुप्ता की अचानक मौत ने उनके परिवार, दोस्तों और फिल्म इंडस्ट्री को गहरा सदमा दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *