नर्मदापुरम में नियम तोड़ने वाले 10 बस संचालकों पर जुर्माना:इमरजेंसी गेट की जगह लगाई सीट; बिना परमिट संचालित बस जब्त

नर्मदापुरम में लगातार हो रहे बस हादसों को देखते हुए आरटीओ विभाग अलर्ट मोड पर है। यात्री बसों में सुरक्षा मानकों की जांच के लिए रविवार को संभागीय परिवहन सुरक्षा स्क्वाड ने इटारसी रोड स्थित पवारखेड़ा पुलिया के पास विशेष चेकिंग अभियान चलाया। आरटीओ प्रमोद कापसे और परिवहन उपनिरीक्षक शिवानी मुकाती के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में 40 यात्री बसों की जांच की गई। इस दौरान बिना परमिट संचालित एक बस को जब्त किया गया। इमरजेंसी खिड़की की जगह लगाई सीट
चेकिंग के दौरान कई बसों में गंभीर लापरवाही सामने आई। एक बस में इमरजेंसी खिड़की की जगह सीट लगी मिली। इस पर परिवहन उपनिरीक्षक शिवानी मुकाती ने बस चालक और कंडक्टर को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि इमरजेंसी गेट यात्रियों की सुरक्षा के लिए जरूरी होता है, वहां सीट लगाना नियमों का उल्लंघन है। कई बसों में एक्सपायर मिले अग्निशामक
जांच में कुछ बसों में अग्निशामक यंत्र तो मिले, लेकिन उनकी वैधता समाप्त हो चुकी थी। वहीं 8 बसों में अग्निशामक यंत्र मौजूद ही नहीं थे। इसके अलावा कई बसों में मेडिकल बॉक्स और पैनिक बटन भी नहीं मिले। अधिकारियों ने संबंधित वाहन संचालकों को सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए। 25 हजार से ज्यादा की चालानी कार्रवाई
अभियान के दौरान बसों के दस्तावेजों की भी जांच की गई। अब तक 40 से अधिक बसों की जांच कर 10 से ज्यादा वाहनों पर 25 हजार रुपए से अधिक की चालानी कार्रवाई की जा चुकी है। आरटीओ प्रमोद कापसे ने बताया कि 21 से 27 मई तक प्रदेश स्तर पर यात्री बसों की विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य सार्वजनिक परिवहन में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना और यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाना है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *