देवरिया के तीरंदाजों ने स्विस ओपन में तीन पदक जीते:सचिन और प्रिया गुर्जर को रजत, आदित्य ने जीता कांस्य

देवरिया के तीरंदाजों ने स्विस ओपन में तीन पदक जीते:सचिन और प्रिया गुर्जर को रजत, आदित्य ने जीता कांस्य

देवरिया के संजीव सिंह आर्चरी इंस्टीट्यूट ट्रस्ट (SSAIT) के तीरंदाजों ने स्विट्जरलैंड के लॉज़ेन में हुए वर्ल्ड इंडोर सीरीज-स्विस ओपन में दो रजत और एक कांस्य पदक जीता। प्रतियोगिता 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक हुई। M3M लक्ष्य कार्यक्रम के दो खिलाड़ियों ने अपने वर्ग में शीर्ष आठ में जगह बनाई।
रिकर्व पुरुष अंडर-21 वर्ग में सचिन चेची ने रजत और आदित्य वाधवा ने कांस्य पदक जीता। कंपाउंड महिला वर्ग में प्रिया गुर्जर ने रजत पदक हासिल किया। फाइनल में उनका मुकाबला विश्व की नंबर दो मैक्सिको की एंड्रिया माया बेसेरा से हुआ। प्रिया 146-147 के करीबी स्कोर से हार गईं।
SSAIT के M3M लक्ष्य कार्यक्रम से जुड़े वेंकटाद्रि और मुस्कान किरार ने भी अपने-अपने वर्ग में शीर्ष आठ खिलाड़ियों में जगह बनाई। संस्थान के मुताबिक, खिलाड़ियों ने देवरिया के कनहौली गांव में श्रीनेट ग्लोबल स्कूल परिसर के इंडोर आर्चरी रेंज में प्रतियोगिता की तैयारी की थी।
SSAIT के संस्थापक और अध्यक्ष, ओलंपियन एवं अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित संजीव सिंह ने पदक विजेताओं और भारतीय दल को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने मेहनत, अनुशासन और वैज्ञानिक प्रशिक्षण से यह उपलब्धि हासिल की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाके में बनी प्रशिक्षण सुविधाओं से तैयार खिलाड़ियों का अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक जीतना पूर्वांचल की खेल प्रतिभाओं के लिए उत्साहजनक है।
संस्थान ने खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और सुविधाएं देने के लिए SBI Foundation और M3M Foundation का आभार जताया। SBI Foundation के ACE और M3M Foundation के लक्ष्य कार्यक्रम के जरिए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर दिए जा रहे हैं।
SSAIT का उद्देश्य ग्रामीण और वंचित पृष्ठभूमि के बच्चों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण देकर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है। संस्थान ने इसे ‘मिट्टी से मेडल तक’ की यात्रा का हिस्सा बताया और 2036 ओलंपिक के लिए भारत को मजबूत तीरंदाजी शक्ति बनाने का लक्ष्य रखा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *