हिसार जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और पुलिस की तैयारियों को अधिक प्रभावी करने के उद्देश्य से मंगलवार को डीआईजी एसटीएफ सुरेंद्र पाल (आईपीएस) ने हिसार एसपी कार्यालय का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने एसपी सिद्धांत जैन (आईपीएस) से जिले की सुरक्षा व्यवस्था और वर्तमान स्थिति को लेकर विस्तृत चर्चा की। बैठक में हिसार पुलिस के सभी पर्यवेक्षण अधिकारी भी मौजूद रहे। बैठक के बाद डीआईजी एसटीएफ ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात की गई पुलिस कंपनियों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों की तैनाती, उपलब्ध संसाधनों और ड्यूटी में इस्तेमाल होने वाले सुरक्षा उपकरणों का जायजा लिया। अनुशासन और तत्परता से काम करने के दिए निर्देश डीआईजी सुरेन्द्र पाल ने सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों को अनुशासन, सतर्कता और आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया (क्विक रिस्पांस), बेहतर तैयारी और आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता बेहद जरूरी है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध: एसपी एसपी जैन ने कहा कि हिसार पुलिस जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुसार मुस्तैदी से अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए निर्देशित कर दिया गया है।

