धार के बस स्टैंड स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में मंगलवार को ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को लेकर बैठक की गई। इसमें विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, एआईसीसी (AICC) के केंद्रीय पर्यवेक्षक मोहम्मद आरिफ नसीम खान और जिलाध्यक्ष स्वतंत्र जोशी सहित जिलेभर के कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक में 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली महारैली में धार जिले से ज्यादा से ज्यादा कार्यकर्ताओं की भागीदारी पर चर्चा की गई। उमंग सिंघार ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज देश में संविधान और लोकतंत्र को बचाने की सख्त जरूरत है। सिंघार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सत्ता में बने रहने के लिए बेईमानी का सहारा लेने का आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए कहा कि आयोग भाजपा के दबाव में काम कर रहा है और कई राज्यों में वोटर लिस्ट में गड़बड़ी करके सरकारें बनाई जा रही हैं। ‘वोटर लिस्ट से नाम काटना लोकतंत्र पर हमला’ सिंघार ने आरोप लगाया कि जानबूझकर पात्र मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाए जा रहे हैं, जो सीधे तौर पर लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव हारने वाले नेताओं को मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री जैसी कुर्सियों पर बैठाया जा रहा है। जब देश का युवा अपने अधिकारों और संविधान की रक्षा के लिए आवाज उठाता है, तो भाजपा उसे देशविरोधी या विदेशी ताकतों का एजेंट बताने लगती है। उन्होंने सवाल उठाया कि अपने हक की बात करने वाले युवाओं को देशविरोधी कहना कहां तक सही है?

