डिंडौरी में फसल चराने को लेकर दो गांवों में विवाद:सैकड़ों ग्रामीणों के खिलाफ शिकायत, अब जांच करेंगे अधिकारी

डिंडौरी में फसल चराने को लेकर दो गांवों में विवाद:सैकड़ों ग्रामीणों के खिलाफ शिकायत, अब जांच करेंगे अधिकारी

डिंडौरी। मेहदवानी थाना क्षेत्र के दादर घुघरी गांव में रविवार को वन विभाग की जमीन को लेकर दो गांवों के ग्रामीण आमने-सामने आ गए। दादर घुघरी के ग्रामीणों ने कुकर्रा गांव के सैकड़ों लोगों पर मवेशियों से उनकी खड़ी फसल चरवाने का आरोप लगाया है। मामले की शिकायत लेकर ग्रामीण मेहदवानी थाने पहुंचे, जहां पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्रामीण त्रिलोक सिंह ने बताया कि दादर घुघरी के 41 परिवारों को सरकार द्वारा वन अधिकार पत्र दिए गए हैं। इन परिवारों द्वारा उस जमीन पर धान, कोदो और कुटकी की खेती की जा रही है। उनका आरोप है कि वर्ष 2012 से कुकर्रा गांव के लोग उस जमीन पर दावा करते हुए हर साल विवाद करते हैं। रविवार को भी बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे मवेशियों के साथ पहुंचे और फसल चरवा दी। ग्रामीणों का कहना है कि सामने लोगों की संख्या ज्यादा होने के कारण वे अपनी फसल नहीं बचा सके। थाने पहुंचे ग्रामीण घटना के बाद प्रभावित ग्रामीण शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंचे। मेहदवानी थाना प्रभारी जी.एस. उइके ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच के लिए तहसीलदार तेजी लाल धुर्वे के साथ मौके पर जाकर देखा जाएगा। वहीं वन विभाग के एसडीओ सुनील अशोक ने बताया कि रेंजर को घटनास्थल पर भेजा गया है। जांच में यह साफ किया जाएगा कि विवाद वाली जमीन वन अधिकार पत्र के तहत आवंटित है या फिर वन विभाग की निस्तार जमीन है। प्रशासन ने मामले की निष्पक्ष जांच कर जरूरी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *