एशियन गेम्स से पहले भारत की मेंस टीम जापान के खिलाफ 22 सितंबर को एक मैच खेलेगी। सानो इंटरनेशनल स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले के लिए ब्रॉडकास्टर की तलाश जारी है। जापान क्रिकेट एसोसिएशन (JCA) ब्रॉडकास्टिंग राइट्स के लिए ITW यूनिवर्स से चर्चा कर रहा है। ITW यूनिवर्स भारत में लाइव स्ट्रीमिंग और टेलीकास्ट के लिए फैनकोड, सोनी, स्टार और जी से बातचीत कर रहा है। यह मुकाबला भारतीय समयानुसार सुबह 9:30 बजे शुरू होगा। यूट्यूब पर स्ट्रीमिंग का शुरुआती प्लान था शुरुआत में इस मैच को कम से कम प्रोडक्शन उपकरणों के साथ यूट्यूब पर लाइव स्ट्रीम करने की योजना थी। इसकी वजह बताई गई कि भारत और जापान का मैच एकतरफा होने की उम्मीद है। इसलिए ब्रॉडकास्ट या स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म ढूंढना मुश्किल माना जा रहा था। ग्लोबल ऑडियंस के लिए भारत-जापान मैच की लाइव स्ट्रीमिंग यूट्यूब पर की जा सकती है। हालांकि, भारतीय दर्शकों के लिए इसका प्रसारण सामान्य टीवी चैनलों या स्पोर्ट्स OTT प्लेटफॉर्म पर करने की योजना है। डिजिटल अधिकारों के लिए फैनकोड सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है, क्योंकि उसका JCA के साथ पहले से करार रहा है। विमेंस कैटेगरी में 22 सितंबर को गोल्ड मेडल मैच होगा ITW और JCA के सामने सबसे बड़ी चुनौती समय का टकराव है। भारत-जापान पुरुष मैच शुरू होने के ठीक एक घंटे बाद निशिन सिटी में महिला कैटेगरी में क्रिकेट का गोल्ड मेडल मैच होगा। भारतीय महिला टीम के फाइनल में पहुंचने की मजबूत संभावना है, जिससे दोनों मैचों में टकराव हो सकता है। एशियन गेम्स के प्रसारण अधिकार सोनी के पास हैं। प्रसारण में समय के इस टकराव से बचने के लिए आयोजकों ने मैच को 23 सितंबर को कराने का विकल्प तलाशा था। हालांकि, जापान की पुरुष टीम के एशियन गेम्स शेड्यूल के चलते ऐसा संभव नहीं हो सका। जापानी टीम को 24 सितंबर को अफगानिस्तान के खिलाफ अपने ग्रुप मैच के लिए एची जाना है, जो सानो से करीब 400 किलोमीटर दूर है। सानो स्टेडियम में दर्शकों की क्षमता बढ़ाई जाएगी JCA ने कहा है कि भारत के मैच के लिए सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड को बदला जाएगा। इस मैदान में अभी 500 दर्शकों के बैठने की क्षमता है। JCA ने संभावना जताई है कि 2 हजार दर्शक स्टेडियम पहुंच सकते हैं। वह स्टेडियम की सुविधाएं बढ़ाने की तैयारी कर रहा है। भारत 20 सितंबर को पहुंचेगा भारतीय टीम 20 सितंबर को सानो पहुंचेगी। टीम को इस मैच से पहले 21 सितंबर को अभ्यास करना है। इसके बाद भारतीय टीम कुछ दिन सानो में ही रुकेगी। फिर एशियन गेम्स के मुकाबलों के लिए एची जाएगी। भारत का पहला मैच 28 सितंबर को क्वार्टर फाइनल में होगा। ——————————- इस मैच से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें… भारत-जापान रिश्तों के 75 साल पूरे होने पर सुजुकी कप:22 सितंबर को दोनों टीमों में पहला इंटरनेशनल क्रिकेट मैच, सानो में होगा मुकाबला भारत और जापान की टीमें दोनों देशों के रिश्तों के 75 साल पूरे होने पर टी-20 क्रिकेट मैच खेलेंगी। यह मैच 22 सितंबर को जापान के सानो शहर में खेला जाएगा। पूरी खबर पढ़ें…
भारत-जापान क्रिकेट मैच के लिए ब्रॉडकास्टर की तलाश:ITW यूनिवर्स की फैनकोड, सोनी, स्टार और जी से बातचीत; 22 सितंबर को मुकाबला

