सिरसा जिले के डबवाली में आज वीरवार देर शाम को एक साधु की हत्या कर दी गई। साधू का शव खून से लथपथ मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सील कर दिया गया है। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि तीन साधु शराब पी रहे थे, तभी दो के बीच विवाद हो गया और इस घटना को अंजाम दे दिया गया। जानकारी के अनुसार, यह घटना डबवाली के सब्जी मंडी में जैन क्लॉथ हाउस की वर्कशॉप के सामने की है। आरोप है कि झगड़े के दौरान एक साधु ने कांच की बोतल से दूसरे पर हमला किया। बोतल टूटने के बाद भी आरोपी ने टूटी बोतल से वार करना जारी रखा। गंभीर चोटों और ज्यादा खून बहने से साधु की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। मृतक साधु की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। विवाद किस बात पर हुआ, यह स्थिति साफ नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की गहनता से जांच में जुटी है। खाली जगह पर बैठे थे वहां पर मौजूद आसपास के लोगों ने बताया कि कुछ साधु वीरवार शाम से ही सब्जी मंडी की खाली जगह पर शराब पी रहे थे। तभी उनके बीच झगड़ा हो गया। कुछ देर बाद पुलिस पहुंच गई और साधुओं से मामले की जानकारी ली जा रही है। डबवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है।

