सुल्तानपुर में अयोध्या-प्रयागराज हाईवे पर शुक्रवार रात करीब 10 बजे तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार मां-बेटी की मौत हो गई, जबकि महिला का 10 वर्षीय बेटा और उसका देवर घायल हो गया। इनायतपुर गांव निवासी अवधेश (40) अपनी भाभी रेखा (32), भतीजी वर्षा (12) और रेखा के बेटे तेजस (10) को बाइक से लेकर कूरेभार थाना क्षेत्र के गुप्तागंज बाजार में जन्माष्टमी का मेला देखने गए थे। मेला देखने के बाद सभी बाइक से घर लौट रहे थे। रात करीब 10 बजे बाबूगंज बाजार के आगे पहुंचते ही पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रेखा और उनकी बेटी वर्षा सड़क पर जा गिरीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसा गोसाईंगंज थाना क्षेत्र में बाबूगंज बाजार के पास हुआ। मौके पर मां-बेटी ने तोड़ा दम हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। राजकीय मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने रेखा और वर्षा को मृत घोषित कर दिया। हादसे में रेखा का बेटा तेजस (10) और देवर अवधेश (40) घायल हुए हैं। दोनों का इलाज कराया गया। डंपर चालक की तलाश में जुटी पुलिस हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।पुलिस फरार डंपर चालक की तलाश कर रही है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।

