ठेकेदार के कर्मचारियों ने युवक को गाड़ी में बैठाकर पीटा:7 बोतल शराब रखना कबूल करवाया; VIDEO देख पुलिस ने केस भी दर्ज कर लिया

ठेकेदार के कर्मचारियों ने युवक को गाड़ी में बैठाकर पीटा:7 बोतल शराब रखना कबूल करवाया; VIDEO देख पुलिस ने केस भी दर्ज कर लिया

नर्मदापुरम जिले के पिपरिया में शराब ठेकेदार के कर्मचारियों पर युवक को रास्ते में रोककर गाड़ी में बैठाने और मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो दो दिन बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में कुछ लोग युवक के साथ मारपीट करते और उसके पास रखी शराब की बोतलों को लेकर उससे पूछताछ करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात स्टेशन रोड थाना पुलिस ने युवक बृजेश कहार की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ रास्ता रोककर मारपीट सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी शराब ठेकेदार अटल राय के कर्मचारी हैं। हालांकि, ठेकेदार अटल राय ने इन लोगों को अपना कर्मचारी होने से इनकार किया है। एसपी साई कृष्णा एस. थोटा ने बताया कि मारपीट के वीडियो सामने आए हैं। मामलों की जांच कराई जा रही है। युवक का आरोप- रास्ता रोककर गाड़ी में बैठाया
रामनगर कॉलोनी, पिपरिया निवासी बृजेश कहार ने पुलिस को बताया कि 23 सितंबर की शाम करीब 5 बजे वह शोभापुर कलारी से अंग्रेजी शराब की बोतलें लेकर पिट्ठू बैग में घर लौट रहा था। बृजेश के मुताबिक, महेश दुधानी के वेयरहाउस के पास तरौन रोड पर एक सफेद रंग की बोलेरो उसके सामने आकर रुकी। इसमें से चार लोग उतरे और उसका बैग चेक करने के बाद गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि इसके बाद उसे जबरन गाड़ी में बैठा लिया गया और हाथ-मुक्कों तथा थप्पड़ों से मारपीट की गई। वायरल वीडियो में एक व्यक्ति युवक को थप्पड़ मारता दिखाई दे रहा है। वीडियो में युवक यह कहते हुए नजर आ रहा है कि वह शराब बेचने के लिए नहीं, बल्कि पीने के लिए चार बोतल लेकर जा रहा था और तीन बोतल उसके साथी की हैं। आरोप है कि उससे सभी सात बोतलें अपनी होने की बात कबूलने के लिए दबाव बनाया गया। बृजेश ने मारपीट करने वालों की पहचान गब्बर, शशि, रोहित और राजू के रूप में बताई। उसी युवक पर 7 बोतल शराब का आबकारी केस
इस मामले में एक महत्वपूर्ण तथ्य यह भी सामने आया है कि जिस बृजेश कहार की शिकायत पर मारपीट का केस दर्ज किया गया है, उसके खिलाफ पुलिस ने 23 सितंबर को ही अवैध रूप से 7 बोतल शराब ले जाने का मामला दर्ज किया था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आबकारी एक्ट के इस प्रकरण में शराब जब्त करने का स्थान मोकलवाड़ी बनवारी के पास और समय शाम 5.55 बजे दर्ज है। वहीं, बृजेश के मुताबिक उसके साथ मारपीट की घटना उसी दिन शाम करीब 5 बजे तरौन कला रोड पर हुई थी। थाना प्रभारी बोले- मुखबिर की सूचना पर पकड़ा था
स्टेशन रोड थाना प्रभारी मदन पवार ने बताया कि बृजेश को मुखबिर की सूचना पर पकड़ा गया था। उसके पास सात बोतल शराब मिली थीं। थाना प्रभारी के अनुसार, उस दिन बृजेश ने पुलिस को अपने साथ मारपीट होने की जानकारी नहीं दी थी। उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो सामने आने के बाद मारपीट के मामले में चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आबकारी एक्ट में दर्ज प्रकरण की भी जांच की जाएगी। दो माह पहले भी सामने आया था ऐसा मामला
शराब ठेकेदार के कर्मचारियों पर इस तरह का आरोप पहले भी लग चुका है। 19 जुलाई को शोभापुर से शराब खरीदकर पिपरिया जा रहे एक युवक को कथित तौर पर रास्ते से उठाकर बंधक बनाने और मारपीट करने का मामला सामने आया था। आरोप था कि युवक को दो-तीन घंटे तक बंधक बनाकर रखा गया और बाद में उसे पिपरिया के स्टेशन रोड थाने ले जाया गया, जहां आबकारी एक्ट का मामला बनाने का दबाव डाला गया। मामला एसपी के संज्ञान में आने के बाद सोहागपुर थाने में अपहरण, मारपीट सहित अन्य धाराओं में सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। इनमें बलवीर सिंह रावत, गब्बर सिंह रावत, शशि सिंह, राजकुमार झरिया, रोहित मिश्रा, मनीष उर्फ देवेंद्र राय और शिवा यादव शामिल थे। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, ये लोग शराब ठेकेदार अटल राय से जुड़े बताए गए थे।
चार बोतल निजी उपयोग के लिए ले जाना वैध
स्टेशन रोड थाना प्रभारी मदन पवार ने बताया कि आबकारी नियमों के अनुसार कोई व्यक्ति निजी उपयोग के लिए चार बोतल तक शराब खरीदकर ले जा सकता है। ऐसी स्थिति में केवल चार बोतल रखने पर पुलिस या आबकारी विभाग की कार्रवाई का आधार नहीं बनता। थाना प्रभारी के मुताबिक, बृजेश के खिलाफ दर्ज मामले में उसके पास सात बोतल शराब मिली थीं। उन्होंने कहा कि इस प्रकरण की भी जांच की जाएगी। शराब के दामों में अंतर को लेकर भी सवाल
मामले के बीच पिपरिया और आसपास के क्षेत्रों में शराब की कीमतों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिपरिया और बनखेड़ी में शराब MRP या उससे अधिक कीमत पर मिलने की शिकायतें हैं, जबकि करीब 12 किलोमीटर दूर शोभापुर में शराब अपेक्षाकृत कम कीमत पर मिलने की बात कही जा रही है। लोगों के अनुसार, दोनों क्षेत्रों में शराब की कीमतों में करीब 200 से 300 रुपए तक का अंतर है। इसी वजह से कुछ लोग शोभापुर से शराब खरीदकर पिपरिया की ओर ले जाते हैं। एसपी बोले- दोनों मामलों की जांच जारी
एसपी साई कृष्णा एस. थोटा ने बताया कि मारपीट का वीडियो वायरल हुआ है। दोनों मामलों की जांच कराई जा रही है। फिलहाल पुलिस मारपीट के वीडियो, दर्ज शिकायत और आबकारी एक्ट में दर्ज प्रकरण तीनों पहलुओं की जांच कर रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि दोनों घटनाओं के बीच कोई संबंध था या नहीं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *