तरनतारन के गग्गोबुआ गांव में शिरोमणि अकाली दल की सरपंच कुलविंदर कौर के पति नवप्रीत सिंह नवी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मामला शुक्रवार देर रात का है। नवप्रीत सिंह को घर के बाहर गोली मारी गई। उन्हें तुरंत एक प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सरपंच कुलविंदर कौर के पति नवप्रीत सिंह नवी का पारिवारिक झगड़ा था। पुलिस मान रही है कि हत्या उसी झगड़े का नतीजा हो सकती है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। एसपी (आई) रिपुतपन सिंह ने डीएसपी सुखबीर सिंह के नेतृत्व में मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। हत्यारों को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए गए हैं। अकाली दल की हलका इंचार्ज ने जताया दुख
अकाली दल की हलका इंचार्ज कंचनप्रीत कौर रंधावा ने परिवार से मिलकर दुख जताया। उन्होंने कहा कि अकाली नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है और इसके लिए सरकार की लापरवाही जिम्मेदार है।

