झज्जर में वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एमआईई चौकी बहादुरगढ़ पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान अमित निवासी आर्य नगर झज्जर, संदीप सैनी निवासी कोसली रोड झज्जर और रविन्द्र निवासी भट्टी गेट झज्जर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी रविन्द्र की कबाड़ की दुकान से चोरी की गई मोटरसाइकिल के अलग-अलग पार्ट्स और आवश्यक दस्तावेज बरामद किए हैं। अस्पताल के सामने खड़ी की थी बाइक, वापस लौटा तो गायब मिली एमआईई चौकी प्रभारी सहायक उप निरीक्षक संदीप कुमार ने बताया कि गांव आसौदा तोडराण निवासी भगवान ने शिकायत दी थी। शिकायत में बताया कि वह 11 सितंबर 2026 को अपनी स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल लेकर बहादुरगढ़ के जीवन ज्योति अस्पताल आया था। उसने मोटरसाइकिल अस्पताल के सामने खड़ी की और दवाई लेने के लिए अंदर चला गया। वापस लौटने पर मोटरसाइकिल वहां नहीं मिली। शिकायत के आधार पर थाना शहर बहादुरगढ़ में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। अमित से पूछताछ में सामने आए दो अन्य आरोपियों के नाम पुलिस ने जांच के दौरान कार्रवाई करते हुए आरोपी अमित को गिरफ्तार किया। उसे अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान पूछताछ में पुलिस को उसके अन्य साथियों के संबंध में जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संदीप सैनी और कबाड़ी रविन्द्र को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, रविन्द्र की कबाड़ की दुकान से चोरी की गई मोटरसाइकिल के अलग-अलग पार्ट्स बरामद किए गए हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उन्हें अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले में पुलिस द्वारा आगे की जांच की जा रही है।

