बुरहानपुर के नावरा रेंज के गांवों में एक महीने से तेंदुए का डर बना हुआ है। रविवार को तेंदुए ने डालमहू गांव में एक बकरी का शिकार कर लिया। इससे पहले तेंदुआ गोराड़िया, दूधिया और केरपानी गांवों में भी देखा गया था। गोराड़िया में लगातार तेंदुए की हलचल के बाद वन विभाग ने पिंजरा लगाया था। लेकिन पिंजरा लगने के बाद तेंदुए ने अपना ठिकाना बदल लिया। रविवार को डालमहू में रूईदास पवार की बकरी का शिकार कर दिया गया। ग्रामीणों में बढ़ी दहशत बकरी के शिकार के बाद ग्रामीणों में दहशत बढ़ गई है। उन्हें डर है कि तेंदुआ इंसानों पर भी हमला कर सकता है। ग्रामीणों ने वन विभाग पर पिंजरा लगाने में देरी का आरोप लगाया है। उन्होंने इलाके में गश्त बढ़ाने और तेंदुए को जल्द पकड़ने की मांग की है। वन विभाग बोला- दूसरा तेंदुआ भी हो सकता है नावरा रेंजर पुष्पेंद्र जादौन ने बताया कि डालमहू में तेंदुए ने बकरी का शिकार किया है। उन्होंने आशंका जताई कि यह दूसरा तेंदुआ भी हो सकता है, क्योंकि केरपानी और दूधिया से डालमहू की दूरी ज्यादा है। वन विभाग ग्रामीणों को अलर्ट कर रहा है। साथ ही लोगों से झुंड में बाहर निकलने की अपील की जा रही है।

