हरिद्वार घूमने जा रहे पानीपत के फैक्टरी मालिक और उसके साथ काम करने वाले श्रमिकों की स्कॉर्पियो बुधवार सुबह उत्तर प्रदेश के कैराना में पानीपत-खटीमा हाईवे के बाईपास फ्लाईओवर पर हादसे का शिकार हो गई। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और चार बार पलटने के बाद करीब 100 मीटर तक घिसटती चली गई। हादसे में स्कॉर्पियो चला रहे फैक्टरी मालिक संदीप कुमार दुहन (40) और श्रमिक अंकित (22) की मौत हो गई, जबकि फैक्टरी में काम करने वाले मेजर और आतिश गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे चारों लोगों को बाहर निकलवाया। सुबह साढ़े 10 बजे फ्लाईओवर पर हुआ हादसा समालखा थाना क्षेत्र के शहरमालपुर गांव निवासी संदीप कुमार दुहन की पानीपत में कंबल और पर्दे बनाने की फैक्टरी है। बुधवार को वह अपनी फैक्टरी में काम करने वाले श्रमिक अंकित, मेजर और आतिश के साथ स्कॉर्पियो में सवार होकर हरिद्वार घूमने निकले थे। गाड़ी संदीप कुमार चला रहे थे। सुबह करीब साढ़े 10 बजे जब वे कैराना के निकट पानीपत बाईपास फ्लाईओवर पर पहुंचे तो स्कॉर्पियो अचानक असंतुलित होकर डिवाइडर से टकरा गई। चार बार पलटी, 100 मीटर तक घिसटती गई गाड़ी डिवाइडर से टकराने के बाद स्कॉर्पियो कई बार पलटी। प्रत्यक्ष घटनाक्रम के अनुसार, गाड़ी चार बार पलटने के बाद करीब 100 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई। हादसे के दौरान गाड़ी में सवार लोगों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से पलटी हुई स्कॉर्पियो को सीधा कराया गया और उसमें फंसे चारों लोगों को बाहर निकाला गया। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से उन्हें सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने फैक्टरी मालिक और श्रमिक को मृत घोषित किया अस्पताल में चिकित्सकों ने संदीप कुमार दुहन और अंकित को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल मेजर और आतिश को प्राथमिक उपचार देने के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। हादसे की जानकारी मिलने पर परिजन भी कैराना पहुंच गए। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जांच अधिकारी हेमंत कुमार ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। दो भाइयों में बड़े थे संदीप, परिवार में है छोटा बेटा संदीप कुमार दुहन के चाचा जय भगवान ने बताया कि संदीप पानीपत में फैक्टरी चलाते थे और दो भाइयों में बड़े थे। उनके परिवार में एक छोटा बेटा है। संदीप की मौत की सूचना मिलने के बाद परिवार में शोक छा गया। दो बहनों के इकलौते भाई थे अंकित हादसे में जान गंवाने वाला 22 वर्षीय अंकित पानीपत जिले के बापौली थाना क्षेत्र के रसलापुर गांव का रहने वाला था। वह कंबल फैक्टरी में मजदूरी करता था। अंकित के ताऊ बलवीर ने बताया कि वह माता-पिता का इकलौता बेटा था और अविवाहित था। उसकी दो बड़ी बहनें हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। अंकित की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिस सफर पर चारों घूमने के लिए निकले थे, वह दो परिवारों के लिए कभी न भूलने वाला दुख बन गया।

