पंचायत चुनाव के तहत जयपुर जिले की 112 ग्राम पंचायतों में चुनाव के लिए आज नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। अमरसर, आमेर, जालसू, रामपुरा-डाबड़ी, शाहपुरा पंचायत समितियों में आने वाली इन ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच के लिए कल वोटिंग करवाई जाएगी। आज सुबह 8 बजे से इन सभी ग्राम पंचायतों में नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई, जो दोपहर 2 बजे पूरी होगी। जिला निर्वाचन शाखा की रिपोर्ट के मुताबिक 30 अक्टूबर को वार्ड पंच और सरपंच के लिए वोटिंग बैलेट पेपर के जरिए करवाई जाएगी। एक वोटर दो वोट देगा, एक वोट वार्ड पंच उम्मीदवार के लिए और दूसरा वोट सरपंच उम्मीदवार के लिए होगा। 413 पोलिंग बूथ बनाए इन चुनावों के लिए निर्वाचन आयोग ने इन सभी 112 ग्राम पंचायतों में कुल 413 पोलिंग बूथ बनाए है। इन पोलिंग बूथ पर कुल 3 लाख 78,364 वोटर्स वोट करेंगे। वोटिंग सुबह 7 से शाम 6 बजे तक होगी। शाम 6 बजे वोटिंग खत्म होने के बाद मतपत्रों की गणना शुरू की जाएगी और देर रात तक परिणाम घोषित किए जाएंगे। 1182 वार्ड पंच चुनेंगे इन चुनावों में 112 सरपंच के साथ ही 1182 वार्ड पंचों का भी चुनाव होगा। हालांकि इनमें से कितने वार्ड पंच और सरपंच निर्विरोध चुने जाते है इसका पता आज देर शाम तक चलेगा। आमेर, जालसू में सबसे ज्यादा ग्राम पंचायतें दूसरे चरण के चुनाव में 5 पंचायत समितियों की ग्राम पंचायतों में चुनाव हो रहे है। इसमें सबसे ज्यादा ग्राम पंचायतें आमेर और जालसू पंचायत समितियों में 25-25 है। अमरसर पंचायत समिति में 22, रामपुरा-डाबड़ी में 21 और शाहपुरा में 19 है।

