सोनभद्र में अनपरा थाना क्षेत्र के डिबुलगंज में जमीन और मकान खाली कराने को लेकर चल रहे विवाद में राजस्थान के जोधपुर में तैनात सेना के जवान सुरेश कुमार ने पुलिस पर कार्रवाई में पक्षपात का आरोप लगाया है। शुक्रवार को जवान पत्नी के साथ एसपी कार्यालय पहुंचा और निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सुरेश कुमार ने बताया कि 16 सितंबर को परिजनों ने फोन कर सूचना दी कि कुछ लोग घर में घुसकर उसकी पत्नी, बच्चों और अन्य परिजनों से मारपीट कर रहे हैं। परिवार ने 112 पर सूचना दी। जवान का आरोप है कि मौके पर पहुंची पुलिस उसके परिवार के एक सदस्य और बच्चों की देखभाल कर रहे व्यक्ति को ही थाने ले गई। पहले परिजनों का धारा 151 में चालान किया गया, बाद में धाराएं बढ़ाकर कार्रवाई किए जाने का आरोप है।
जवान के मुताबिक, घटना का वीडियो भी परिवार के पास है, जिसमें मारपीट दिखाई दे रही है। आरोप है कि वीडियो बनाने वाले व्यक्ति को भी पुलिस थाने में बैठा लिया गया। जवान ने बताया कि घटना की जानकारी उसने कमांडिंग ऑफिसर को दी और छुट्टी लेकर सोनभद्र आया। परिवार का आरोप है कि जमीन और मकान खाली कराने को लेकर दूसरे पक्ष से पहले से विवाद चल रहा है और उन्हें धमकी भी दी गई थी। 16 सितंबर की घटना से जुड़े ऑडियो-वीडियो सबूत होने का भी दावा किया गया है। जवान और उसकी पत्नी ने अनपरा पुलिस पर सुनवाई नहीं करने और दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए एसपी से जांच की मांग की। एसपी कार्यालय में मौजूद एडिशनल एसपी (नक्सल) ऋषभ रूणाल ने जवान की बात सुनी और उसे पिपरी क्षेत्राधिकारी से मिलने की बात कही। पुलिस का पक्ष फिलहाल सामने नहीं आया है। जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।

