छिंदवाड़ा जिले के देहात थाना क्षेत्र के गंगीवाड़ा में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव उसके ही घर के अंदर संदिग्ध हालत में मिला। शव करीब तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। मृतक की पहचान गंगीवाड़ा निवासी सुरेंद्र उर्फ सोनू डेहरिया, पिता स्वर्गीय देवीलाल डेहरिया के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुरेंद्र घर में अकेला रहता था। उसकी बहन की शादी हो चुकी है। घर के आसपास पड़ोसी भी रहते हैं। इसके बावजूद करीब तीन दिनों तक युवक घर से बाहर नहीं निकला और उसकी मौत की भनक तक किसी को नहीं लगी। घर के अंदर पहुंची पुलिस तो बिगड़ी हालत में मिला शव शनिवार सुबह घटना की सूचना मिलने पर देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घर के अंदर शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला। पुलिस के मुताबिक शव की हालत काफी खराब थी और चेहरा बुरी तरह विकृत हो चुका था। करीब तीन दिन में शव की ऐसी स्थिति मिलने से पुलिस भी कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। तीन दिन तक किसी को क्यों नहीं हुई जानकारी? इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। घर के आसपास लोग रहने के बावजूद तीन दिनों तक युवक के घर से बाहर नहीं निकलने की जानकारी किसी को क्यों नहीं हुई? युवक की मौत कब और किन परिस्थितियों में हुई? क्या वह घर में अकेला था या घटना के समय कोई और भी मौजूद था? पुलिस इन सभी सवालों के जवाब तलाश रही है। हत्या या सामान्य मौत? पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार दरवाजा नहीं खुलने पर पड़ोसियों को शक हुआ, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। बताया गया कि युवक घर में अकेला रहता था और परिवार में फिलहाल उसकी बहन ही है। पुलिस ने भी प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका से इनकार नहीं किया है। देहात थाना प्रभारी जीएस राजपूत ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की है। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि युवक की मौत हत्या, आत्महत्या या किसी अन्य कारण से हुई है।

