चंद्रशेखर आजाद ने सपा-भाजपा के वीडियो वार पर दी प्रतिक्रिया:बोले- राजनीति में नैतिकता खत्म हो रही, AI से चरित्र हनन की कोशिश

चंद्रशेखर आजाद ने सपा-भाजपा के वीडियो वार पर दी प्रतिक्रिया:बोले- राजनीति में नैतिकता खत्म हो रही, AI से चरित्र हनन की कोशिश

प्रतापगढ़ के आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद मंगलवार रात करीब 10:30 बजे प्रतापगढ़ पहुंचे। पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने सपा और भाजपा के बीच चल रहे वीडियो वार और आरोप-प्रत्यारोप पर अपनी प्रतिक्रिया दी। बोले- AI से वीडियो बनाकर लोगों की छवि खराब की जा रही चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि पहले राजनीति में मर्यादा हुआ करती थी, लेकिन अब वह खत्म होती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल कर ऐसे वीडियो बनाए जा रहे हैं, जिनका मकसद लोगों की छवि खराब करना है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो सामने आ रहे हैं, जिनमें किसी को गांजा पिलाते या चोर बताते हुए दिखाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा का आईटी सेल भी बेदाग नहीं है। उनके मुताबिक, जब एक तरफ से इस तरह की शुरुआत हुई है तो दूसरी तरफ से भी उसका जवाब दिया जा रहा है।
‘राजनीति में सम्मान बना रहना चाहिए’ चंद्रशेखर आजाद ने इस तरह की राजनीति को गलत बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के शब्दों और वीडियो से राजनीति का स्तर गिरता है। राजनीतिक दलों के बीच सम्मान बना रहना चाहिए और इसके लिए दोनों पक्षों को बेहतर माहौल बनाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों को वीडियो और सोशल मीडिया की राजनीति से ऊपर उठकर उत्तर प्रदेश की जनता के मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए। किसान, नौजवान, महिलाएं और व्यापारी परेशान हैं, लेकिन उनकी समस्याओं को उठाने और सुनने वाला कोई नहीं है।
‘जनता के मुद्दों के बजाय एक-दूसरे पर टिप्पणी कर रहे नेता’ चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि जिन नेताओं की जिम्मेदारी जनता के मुद्दे उठाने की है, वे वीडियो बनाने और एक-दूसरे पर टिप्पणी करने में लगे हैं। उन्होंने इसे चिंताजनक स्थिति बताया। बोले- अपराधी किसी भी पार्टी का हो, सजा मिलनी चाहिए समाजवादी पार्टी की लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संदीप विश्वकर्मा पर पुलिस की ओर से 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किए जाने के सवाल पर चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि अपराध करने वाला व्यक्ति किसी भी पार्टी से जुड़ा हो, उसे सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर आजाद समाज पार्टी का भी कोई सदस्य अपराध करता है तो वह उसका समर्थन नहीं करेंगे। हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जाति और धर्म देखकर न्याय करती है। उन्होंने कहा कि उनकी मांग है कि उत्तर प्रदेश में जाति और धर्म से ऊपर उठकर सभी के साथ समान और न्यायपूर्ण व्यवहार किया जाना चाहिए।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *