अजमेर के कृष्णगंज थाना क्षेत्र में माकड़वाली के पास 29 अगस्त को मारपीट के मामले में पुलिस ने प्रहलाद गुर्जर (32) और भरत चारण को गिरफ्तार किया है। दोनों पर 2500-2500 रुपए का इनाम घोषित था। पूछताछ में सामने आया कि 27 अगस्त को कार की टक्कर से प्रहलाद के पिता को हल्की चोट लगने के बाद विवाद शुरू हुआ था। पुलिस के अनुसार इसी विवाद में 29 अगस्त को तलवार और सरिए से हमला कर दो युवकों को घायल किया गया। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। सीओ नॉर्थ शिवम जोशी ने बताया कि शिवाजी चौराहे पर विवाद के बाद हमला हुआ था। गिरफ्तार प्रहलाद गुर्जर पीलवा, जिला डीडवाना-कुचामन का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ अजमेर, पाली, नागौर और डीडवाना-कुचामन सहित विभिन्न शहरों के थानों में 2014 से 2025 तक 21 मामले दर्ज हैं। इनमें मारपीट, चोरी, लूट, डकैती, धोखाधड़ी और आर्म्स एक्ट के मामले शामिल हैं। पूछताछ में दोनों ने अलग-अलग स्थानों पर चोरी और मारपीट की घटनाओं में शामिल होना कबूल किया। दोनों ने 29 अगस्त को गेगल थाना क्षेत्र के प्रॉपर्टी ऑफिस में चोरी और मारपीट की वारदात कबूल की। भरत चारण ने पीलवा थाना क्षेत्र में 8 जून 2026 को चोरी और मारपीट की वारदात कबूल की। फोन कर बुलाया, पहुंचते ही हमला किया एसएचओ अरविंद चारण ने बताया कि परिवादी साहिल गठीला उर्फ सन्त्री (34), निवासी कायड़ ने 29 अगस्त को रिपोर्ट दी थी। उसने बताया कि 27 अगस्त को उसके पिता रामदेव गुर्जर को कार ने टक्कर मारी थी। कार में सत्यनारायण उर्फ सत्तू, दिनेश और राकेश थे। इसके बाद 29 अगस्त को सत्यनारायण उर्फ सत्तू और राकेश ने साहिल को शिवाजी -माकड़वाली चौराहा बुलाया। साहिल बीरम, सांवर, गणेश और सुरेंद्र के साथ वहां पहुंचा। वहां मौजूद सत्यनारायण उर्फ सत्तू, राजवीर उर्फ किड़ी, दिनेश, सेठू, राकेश, प्रहलाद सहित अन्य ने तलवार-सरिए से सुरेंद्र पर हमला कर दिया। उसके सिर और पैर में गंभीर चोटें आईं। उसे जेएलएन में भर्ती कराया गया है।

