अनूपपुर जिले के जैतहरी थाना क्षेत्र में दो दिन से लापता 22 वर्षीय गोवर्धन कोल की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस की खोजबीन के दौरान शुक्रवार दोपहर युवक का शव डुंगरीटोला की झाड़ियों में मिला। पुलिस ने शाम को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया है और एक संदेही को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ कर रही है। जानकारी के मुताबिक, गोवर्धन 22 सितंबर की रात घर पर ‘गणेश विसर्जन’ में जाने की बात कहकर अपनी बाइक से निकला था। उसके साथ उसके दो साथी मिथुन और यादव भी मौजूद थे। परिजनों ने जब गोवर्धन काफी देर तक घर नहीं लौटा, तो गुरुवार को थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस क्या कह रही? पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि गोवर्धन और उसके साथी कुछ अन्य लोगों के साथ थे, जहां किसी बात पर विवाद हो गया। उन लोगों ने गोवर्धन का पीछा कर उसके साथ जमकर मारपीट की। मारपीट के दौरान गोवर्धन के दोनों साथी मिथुन और यादव डरकर मौके से भाग निकले। पीट-पीटकर हत्या के बाद झाड़ियों में फेंका शव मारपीट की घटना के तुरंत बाद गोवर्धन ने किसी तरह अपने परिजन को फोन कर अपने साथ हुई मारपीट की जानकारी दी थी। लेकिन इसके बाद आरोपी उसे घसीट ले गए और पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपियों ने साक्ष्य छिपाने के मकसद से शव को डुंगरीटोला की झाड़ियों में फेंक दिया। जैतहरी पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ के साथ-साथ मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

