बूंदी के नैनवां थाना क्षेत्र में कथित गो-तस्करी प्रकरण को लेकर विरोध प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी रहा। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने के बाहर धरने पर डटे हुए हैं। प्रदर्शनकारियों ने धरना स्थल पर अर्धनग्न होकर विरोध जताया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। अपनी मांगें पूरी नहीं होने पर कार्यकर्ता सोमवार से अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं और उन्होंने रात भी धरना स्थल पर ही बिताई। बजरंग दल के विभाग सहसंयोजक लक्की चोपड़ा ने कहा कि फरार गो-तस्करों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई हो। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसा नहीं किया जाता है, तो सभी कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया जाए। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि 14 जनवरी की रात एक कंटेनर में 21 गोवंश को कथित रूप से कत्लखाने ले जाया जा रहा था। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने इन गोवंश को छुड़ाया था। उनका कहना है कि पुलिस की देरी के कारण आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे। इस मामले में 15 जनवरी को उपखंड कार्यालय और 2 फरवरी को थाने में ज्ञापन भी सौंपा जा चुका है। उस समय पुलिस ने 10 दिन में आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया था। हालांकि, साढ़े तीन महीने बीत जाने के बाद भी मुख्य आरोपी ट्रक ड्राइवर और मालिक की गिरफ्तारी नहीं हुई है, और न ही दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कोई कार्रवाई की गई है, जिससे कार्यकर्ताओं में भारी रोष है। कंटेंट: अश्विनी शर्मा नैनवां


