यूपी अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 का आज रविवार को अंतिम दिन है। गोंडा जिले के 16 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जा रही है। परीक्षा देने के लिए गोरखपुर, वाराणसी और आजमगढ़ से पुरुष अभ्यर्थी पहुंचे हैं, जबकि बलरामपुर और बहराइच से बड़ी संख्या में महिला अभ्यर्थी भी परीक्षा देने आई हैं।
पहली पाली की परीक्षा के लिए रविवार सुबह 8 बजे से ही केंद्रों के बाहर परीक्षार्थियों की लंबी कतारें लग गईं। केंद्रों पर अभ्यर्थियों का AI तकनीक से बायोमेट्रिक सत्यापन किया जा रहा है। तीन स्तरीय जांच के बाद ही परीक्षार्थियों को परिसर में प्रवेश दिया गया। मौसम साफ रहने से अभ्यर्थियों को आवागमन और कतारों में खड़े होने के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं हुई।
बालियां, माला और ताबीज उतरवाकर दिया प्रवेश कई परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थी सुरक्षा नियमों का पालन करते नजर आए। जांच के दौरान महिला अभ्यर्थियों ने कान की बालियां, जबकि पुरुष अभ्यर्थियों ने गले की मालाएं और ताबीज उतारे। परीक्षार्थियों को केवल पेन, प्रवेश पत्र, पहचान पत्र (आधार कार्ड) और नकदी ले जाने की अनुमति दी गई है। अन्य किसी भी तरह की सामग्री अंदर ले जाना प्रतिबंधित है। पहली पाली में कुल 7,128 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए 18 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 18 स्टैटिक मजिस्ट्रेट, 18 केंद्र व्यवस्थापक, 18 बाह्य व्यवस्थापक और 1,000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
सीलबंद लिफाफे खोलकर बांटे गए प्रश्नपत्र कड़ी सुरक्षा के बीच मजिस्ट्रेट जिला कोषागार से प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिकाएं लेकर परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे। सुबह 10 बजे परीक्षार्थियों की मौजूदगी में सीलबंद लिफाफे खोले गए और परीक्षा सामग्री वितरित की गई।
परीक्षा दो पालियों में आयोजित हो रही है। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। दूसरी पाली में भी इन्हीं 16 केंद्रों पर 7,128 परीक्षार्थी शामिल होंगे। रविवार शाम 5 बजे दूसरी पाली समाप्त होने के साथ ही जिले में तीन दिनों तक छह पालियों में चली PET परीक्षा पूरी हो जाएगी।

